विश्व पर्यटन दिवस 2026 विशेष

जहाँ प्रकृति पुकारती है, वहाँ धमतरी आपका इंतज़ार कर रहा है

गंगरेल के द्वीप से आकार ले रही अनुभव आधारित पर्यटन की नई पहचान

धमतरी। गंगरेल का द्वीप धमतरी के पर्यटन विकास की एक नई शुरुआत का प्रतीक बन रहा है। यहां पर्यटन केवल घूमने का माध्यम नहीं, बल्कि प्रकृति से जुड़ने, रोमांच महसूस करने, संस्कृति जानने और स्थानीय जीवन को करीब से समझने का अवसर बन रहा है।गंगरेल की जलराशि से लेकर सिहावा की पहाड़ियों तक, महानदी के तट से लेकर जलप्रपातों और ग्रामीण अंचलों तक धमतरी प्रकृति, रोमांच, आस्था, संस्कृति और समुदाय के समन्वय से पर्यटन की नई कहानी लिख रहा है।यह है गंगरेल का द्वीप, जो धमतरी में अनुभव आधारित पर्यटन की नई पहचान गढ़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बनकर उभर रहा है।हर वर्ष 27 सितम्बर विश्व पर्यटन दिवस पर्यटन के सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक महत्व को रेखांकित करता है। वर्ष 2026 की थीम “डिजिटल एजेंडा और कृत्रिम बुद्धिमत्ता द्वारा पर्यटन का पुनर्गठन” पर्यटन के बदलते स्वरूप को दर्शाती है। आज पर्यटक केवल किसी स्थान को देखना नहीं चाहता, बल्कि उसे महसूस करना और उससे जुड़ी यादें अपने साथ लेकर लौटना चाहता है।

गंगरेल द्वीप पर रोमांच और प्रकृति का संगम

गंगरेल जलाशय के विस्तृत जलक्षेत्र के मध्य स्थित द्वीप पर पहली बार आइलैंड कैंपसाइट विकसित किया गया है। यह पहल एडवेंचर, नेचर और कम्युनिटी टूरिज्म की संभावनाओं को नया आयाम देती है।17 एवं 18 सितंबर को टूर ऑपरेटर्स के लिए आयोजित एफएएम ट्रिप के दौरान गंगरेल बांध, जलक्षेत्र, द्वीपों और आसपास के प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक परिवेश का प्रत्यक्ष अनुभव कराया गया। इसके बाद 19 एवं 20 सितंबर को छत्तीसगढ़ की ट्रैवल कंपनी CampOnce द्वारा 2 Days–1 Night Island Camping Adventure आयोजित किया गया, जिसमें छत्तीसगढ़ के साथ ओडिशा और तमिलनाडु से आए पर्यटकों ने हिस्सा लिया।लगभग 40 मिनट की बोट यात्रा से शुरू हुआ यह सफर नाइट कैंपिंग, ट्रेकिंग, फिशिंग, स्विमिंग, बोनफायर, आउटडोर कुकिंग, बर्ड वॉचिंग और स्टार गेजिंग जैसी गतिविधियों तक पहुंचा। प्रकृति के बीच रात बिताने और खुले आसमान के नीचे तारों को निहारने का अनुभव पर्यटकों के लिए यादगार बन गया।

धमतरी—जहाँ हर अनुभव की अपनी कहानी

गंगरेल का द्वीप धमतरी की पर्यटन संभावनाओं की केवल एक झलक है। जिले में जल, जंगल, रोमांच, आस्था, संस्कृति और ग्रामीण जीवन का अनूठा मेल देखने को मिलता है।गंगरेल एडवेंचर स्पोर्ट्स रोमांच और जल पर्यटन का अनुभव कराते हैं, वहीं ठेमली आइलैंड द्वीप पर्यटन की संभावनाओं को सामने लाता है। नरहरा वाटरफॉल प्रकृति और ट्रेकिंग का आकर्षण है। सिहावा स्थित महानदी उद्गम आध्यात्मिकता, प्रकृति और विरासत का संगम प्रस्तुत करता है। रूद्री कॉरिडोर और कायकिंग महानदी तट के अनुभवों को नया स्वरूप दे रहे हैं। वहीं हरफर, मेचका और जबर्रा जैसे क्षेत्र सामुदायिक एवं इको-टूरिज्म की संभावनाओं को सामने लाते हैं। निरई माता श्रद्धा और प्रकृति के अनूठे समन्वय का अनुभव कराती है।इन स्थलों को पर्यटन परिपथ से जोड़कर पर्यटकों को एक ही यात्रा में धमतरी की विविधता का अनुभव कराया जा सकता है।

पर्यटन से स्थानीय समृद्धि की राह

पर्यटन का वास्तविक लाभ तब सामने आता है, जब स्थानीय समुदाय भी उससे जुड़ता है। बोटिंग, स्थानीय गाइड, कैंप प्रबंधन, आतिथ्य, भोजन, ट्रेकिंग, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों से जुड़े कार्यों में युवाओं और महिला समूहों की भागीदारी रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर पैदा कर सकती है।स्थानीय व्यंजन पर्यटकों के लिए स्वाद का अनुभव बन सकते हैं, हस्तशिल्प यात्रा की स्मृति और ग्रामीण जीवन स्वयं एक अनूठा पर्यटन अनुभव बन सकता है।

जिम्मेदार पर्यटन, प्रकृति के साथ विकास

धमतरी में पर्यटन विकास का लक्ष्य केवल पर्यटकों की संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि जिम्मेदार और टिकाऊ पर्यटन को बढ़ावा देना है। स्वच्छता, सुरक्षा, जैव विविधता संरक्षण, जल संरक्षण और स्थानीय समुदाय की भागीदारी के साथ पर्यटन को प्रकृति के अनुरूप विकसित किया जा सकता है।गंगरेल का द्वीप इसी संतुलन की संभावनाएं दिखाता है—रोमांच हो, लेकिन प्रकृति की गरिमा के साथ; पर्यटन हो, लेकिन स्थानीय भागीदारी के साथ।

डिजिटल युग में नई पर्यटन पहचान

विश्व पर्यटन दिवस 2026 की थीम पर्यटन में डिजिटल तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता की बढ़ती भूमिका की ओर भी संकेत करती है। डिजिटल प्लेटफॉर्म, स्मार्ट ट्रैवल प्लानिंग, डिजिटल मैपिंग, वर्चुअल अनुभव और ऑनलाइन पर्यटक सुविधाओं की जानकारी के माध्यम से धमतरी के पर्यटन स्थलों को देश-दुनिया तक पहुंचाने की व्यापक संभावनाएं हैं।आज पर्यटन स्थल की पहचान केवल उसके प्राकृतिक सौंदर्य से नहीं, बल्कि उसे दुनिया तक पहुंचाने की क्षमता से भी बनती है। धमतरी के पास प्रकृति का वैभव है और अब उसे आधुनिक तकनीक, बेहतर सुविधाओं तथा प्रभावी प्रचार-प्रसार से जोड़ने की दिशा में कदम बढ़ रहे हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *