
लोमश ऋषि आश्रम में फंसे 9 लोगों को सुरक्षित निकाला, नारी में एसडीआरएफ ने संभाला मोर्चा
धमतरी। जिले में लगातार बारिश और जलभराव के बीच जिला प्रशासन राहत एवं बचाव कार्यों में पूरी तत्परता से जुटा है। प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय ग्रामीणों के समन्वित प्रयासों से बाढ़ में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने का अभियान लगातार जारी है।कुरुद क्षेत्र के लोमश ऋषि आश्रम में बाढ़ के पानी के बीच फंसे 9 लोगों की सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची तथा स्थिति का जायजा लेने के बाद स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से रेस्क्यू अभियान चलाया कर सभी 9 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।इसी तरह ग्राम नारी, कुरुद स्थित शराब दुकान परिसर में बाढ़ का पानी भरने से कुछ लोग फंस गए थे,जिसकी सूचना मिलते ही एसडीआरएफ रायपुर की टीम को मौके पर रवाना किया गया,टीम ने सुरक्षित रेस्क्यू तकनीक का इस्तेमाल करते हुए सभी फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।रेस्क्यू अभियान के दौरान तहसीलदार कुरुद, जिला आबकारी अधिकारी एवं उनकी टीम तथा कुरुद पुलिस मौके पर मौजूद रही। अधिकारियों ने बचाव कार्य की निगरानी के साथ विभिन्न टीमों के बीच आवश्यक समन्वय सुनिश्चित किया।जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित एवं संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है।प्रशासन ने नागरिकों से नदी-नालों, तेज बहाव और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन या जिला कंट्रोल रूम से संपर्क करने की अपील की है।

