ग्रामीण सड़कों की राष्ट्रीय गुणवत्ता समीक्षा, धमतरी में कार्य संतोषप्रद

NRIDA की QRT टीम ने PMGSY और पीएम जनमन योजना के तहत सड़कों का किया निरीक्षण, तकनीकी मानकों और गुणवत्ता नियंत्रण की हुई गहन जांच

धमतरी, 26 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) एवं पीएम जनमन योजना के तहत जिले में निर्मित और निर्माणाधीन ग्रामीण सड़कों की गुणवत्ता की राष्ट्रीय स्तर पर समीक्षा की गई।निरीक्षण के दौरान सड़क निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं वर्तमान स्थिति संतोषप्रद पाई गई।QRT ने CGRRDA रायपुर के अधिकारियों के साथ विभिन्न सड़क मार्गों का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों में निर्धारित तकनीकी मानकों के पालन, निर्माण सामग्री की गुणवत्ता और गुणवत्ता नियंत्रण व्यवस्था का जायजा लिया।

निर्माणाधीन सड़कों में गुणवत्ता नियंत्रण पर जोर

निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन सड़कों में गुणवत्ता नियंत्रण व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया। टीम ने निर्माण के विभिन्न चरणों में निर्धारित तकनीकी प्रक्रियाओं का पालन, निर्माण सामग्री की गुणवत्ता तथा आवश्यक परीक्षणों के अभिलेखों का अवलोकन किया। अधिकारियों और तकनीकी अमले को गुणवत्ता नियंत्रण से जुड़े आवश्यक सुझाव भी दिए गए, ताकि ग्रामीण सड़कों की मजबूती, टिकाऊपन और दीर्घकालिक उपयोगिता सुनिश्चित की जा सके।

तकनीकी चुनौतियों पर QRT ने दिया मार्गदर्शन

23 सितंबर को PIU स्टाफ एवं QRT टीम के बीच तकनीकी बैठक आयोजित की गई। इसमें जिले में निर्मित एवं निर्माणाधीन ग्रामीण सड़कों से जुड़ी तकनीकी चुनौतियों, गुणवत्ता नियंत्रण, निर्माण प्रक्रिया, सामग्री परीक्षण और कार्यों की निगरानी जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। स्थल निरीक्षण के दौरान सामने आए तकनीकी बिंदुओं के आधार पर QRT ने अधिकारियों एवं तकनीकी अमले को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।

जनप्रतिनिधियों ने उठाए ग्रामीण संपर्क और सड़क मरम्मत के मुद्दे

कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन, QRT एवं CGRRDA के अधिकारियों की संयुक्त समीक्षा बैठक हुई। बैठक में सिहावा विधायक एवं धमतरी विधायक सहित जिला प्रशासन एवं विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।अधीक्षण अभियंता बलवंत सिंह पटेल ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से 21 से 23 सितंबर तक QRT के साथ किए गए संयुक्त निरीक्षण, सड़क निर्माण कार्यों की स्थिति तथा प्राप्त तकनीकी मार्गदर्शन की जानकारी दी।सिहावा विधायक अंबिका मरकाम ने भारतमाला परियोजना के दौरान भारी वाहनों की आवाजाही से PMGSY सड़कों को हुई क्षति का मुद्दा उठाते हुए मरम्मत की आवश्यकता बताई,जिस पर विभागीय अधिकारियों ने बताया कि राज्य बजट में उपलब्ध निधि का आकलन कर आवश्यकतानुसार क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत की कार्रवाई की जाएगी।विधायक ने मुख्य मार्गों से अब तक नहीं जुड़ी बसाहटों को ग्रामीण सड़क नेटवर्क से जोड़ने की संभावनाओं के संबंध में भी जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि PMGSY के निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं पात्रता मानदंडों के अनुसार प्रस्तावों का परीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

भारी वाहनों से सड़कों को होने वाले नुकसान पर भी चर्चा

धमतरी विधायक ओंकार साहू ने भारी वाहनों की आवाजाही से ग्रामीण सड़कों को होने वाले नुकसान का विषय उठाया। उन्होंने क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के साथ भारी वाहनों की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए बिटुमिन सतह की मोटाई बढ़ाने का सुझाव दिया।इस पर STA की ओर से बताया गया कि PMGSY के तहत ग्रामीण सड़कों का डिजाइन निर्धारित तकनीकी मानकों, यातायात सर्वेक्षण और स्वीकृत डिजाइन पैरामीटर के आधार पर तैयार किया जाता है। सड़क की संरचना और सतह की मोटाई भी इन्हीं तकनीकी आवश्यकताओं के अनुरूप निर्धारित की जाती है।

टिकाऊ ग्रामीण सड़क नेटवर्क पर जोर

समीक्षा बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में बारहमासी और बेहतर संपर्क सुविधा उपलब्ध कराने, निर्मित सड़कों के नियमित रखरखाव तथा निर्माण गुणवत्ता की निरंतर निगरानी पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि सड़क निर्माण के साथ-साथ उनकी गुणवत्ता और रखरखाव की सतत निगरानी जरूरी है, ताकि ग्रामीण आबादी को लंबे समय तक सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *