
3.08 ग्राम चिट्टा और मोबाइल सहित 71,600 रुपये का मशरूका जब्त, एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई
धमतरी, 25 सितंबर 2026। जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ धमतरी पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस के अनुसार, सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति एकलव्य स्टेडियम के पास मादक पदार्थ लेकर ग्राहक की तलाश कर रहा है,जिसकी सूचना को गंभीरता से लेते हुए पीएसआई संदीप अनंत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदेही को पकड़ लिया।विधिवत तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 3.08 ग्राम मादक पदार्थ चिट्टा, जिसकी अनुमानित कीमत 61,600 रुपये, तथा करीब 10,000 रुपये कीमत का एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस ने कुल 71,600 रुपये का मशरूका जब्त किया है।पुलिस ने आरोपी की पहचान विवेक नरसिंग दानी ,उम्र 33 वर्ष,निवासी सुंदरगंज वार्ड, धमतरी के रूप में की है। आरोपी के विरुद्ध धारा 21(ए) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया एवं आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।वहीं पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार अथवा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

