
महिलाओं के अधिकार, लैंगिक समानता और सशक्तिकरण पर हुआ संवाद
धमतरी। सेवा संकल्प अभियान के तहत धमतरी विकासखंड के देमार क्लस्टर में जेंडर सभा एवं आम सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा के निर्देशन में छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के अंतर्गत आयोजित हुआ।जेंडर सभा में महिलाओं के अधिकार, लैंगिक समानता, महिला सुरक्षा, घरेलू हिंसा से संरक्षण, आर्थिक स्वावलंबन और शासकीय योजनाओं में भागीदारी जैसे विषयों पर चर्चा हुई,जहां महिलाओं ने अपनी समस्याएं और सुझाव साझा किए।वहीं वाद-विवाद, नुक्कड़ नाटक, खुली चर्चा एवं महिला सशक्तिकरण रैली के माध्यम से जागरूकता का संदेश दिया गया।
महिलाओं की भागीदारी से मजबूत होगा ग्रामीण विकास
आम सभा में क्लस्टर के विकास, बुनियादी सुविधाओं, महिला एवं बाल सुरक्षा, आजीविका संवर्धन तथा ग्रामीण संस्थाओं को मजबूत करने पर चर्चा की गई। स्व-सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने और शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने पर भी विचार-विमर्श हुआ।सीईओ जिला पंचायत ने कहा कि गांव के विकास को सहभागी बनाने के लिए महिलाओं की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। जेंडर सभा महिलाओं को अपनी बात रखने और विकास प्रक्रिया में भूमिका तय करने का प्रभावी मंच है।उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा, समानता, आर्थिक स्वावलंबन और योजनाओं तक उनकी पहुंच सुनिश्चित करने के लिए समन्वित प्रयासों का आह्वान किया।कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग, बिहान, सखी सेंटर, चाइल्ड हेल्पलाइन, मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, स्व-सहायता समूहों की सदस्याएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं उपस्थित रहीं।

