
उद्घाटन कार्यक्रम में विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से जुड़ने का आह्वान
धमतरी। सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत भोपाल राव पवार शासकीय पॉलीटेक्निक, धमतरी में पांच दिवसीय ड्रोन टेक्नोलॉजी बूटकैंप का शुभारंभ हुआ। 21 से 25 सितंबर तक चलने वाले इस प्रशिक्षण का आयोजन इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के SwaYaan प्रोजेक्ट और C-DAC, हैदराबाद के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।इस अवसर पर संस्था के प्राचार्य अमित मिश्रा ने विद्यार्थियों को उभरती तकनीकों में दक्षता हासिल करने के लिए प्रेरित किया।कहा कि ड्रोन जैसी आधुनिक तकनीक विद्यार्थियों को रोजगार, नवाचार, स्टार्टअप और स्वरोजगार के नए अवसरों से जोड़ सकती है।
“Build Skills – Fly Innovation” थीम पर आयोजित बूटकैंप में विद्यार्थियों को ड्रोन असेंबली, इंटीग्रेशन और फ्लाइंग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही ड्रोन के विभिन्न घटकों, उड़ान संचालन, सुरक्षा मानकों और DGCA के संबंधित नियमों की जानकारी दी जाएगी।साथ ही C-DAC हैदराबाद के प्रोजेक्ट लीड एम. प्रणय ने विद्यार्थियों को ड्रोन तकनीक के कृषि, सर्वेक्षण, आपदा प्रबंधन, आधारभूत संरचना और पर्यावरण निगरानी सहित विभिन्न क्षेत्रों में उपयोग की जानकारी दी।प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को लाइव प्रोजेक्ट एवं प्रायोगिक गतिविधियों के माध्यम से तकनीकी ज्ञान को व्यवहार में लागू करने का अवसर मिलेगा।वहीं बूटकैंप पूरा करने वाले प्रतिभागियों को MeitY एवं C-DAC की ओर से संयुक्त प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा।कार्यक्रम का समन्वय संस्था के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल द्वारा किया जा रहा है।

