
धमतरी। ग्रामीण क्षेत्रों में सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से जिला पंचायत सभाकक्ष में ‘सेवा संकल्प अभियान’ अंतर्गत सोलर दीदियों के लिए बैठक सह-कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना सहित सौर ऊर्जा आधारित गतिविधियों की जानकारी दी गई।कार्यपालन अभियंता सीएसपीडीसीएल अनिल सोनी ने सोलर दीदियों के वेंडर एवं हितग्राही पंजीयन की प्रक्रिया, पात्रता, आवश्यक दस्तावेज और सावधानियों के संबंध में मार्गदर्शन दिया। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर संपर्क कर पात्र परिवारों को योजनाओं की जानकारी देने और पंजीयन के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया गया।कार्यशाला में सोलर दीदियों की भूमिका को मजबूत करने, ग्रामीण क्षेत्रों में सोलर उत्पाद एवं सेवाओं की उपलब्धता बढ़ाने तथा महिला समूहों को सौर ऊर्जा आधारित आजीविका से जोड़ने पर भी चर्चा हुई तथा निर्धारित पंजीयन लक्ष्य हासिल करने के लिए कार्ययोजना बनाने और विभागों के साथ समन्वय पर जोर दिया गया।कार्यशाला के अंत में प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, महिला संकुल प्रतिनिधि, संबंधित संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं सोलर दीदियां उपस्थित रहीं।

