
धमतरी। कुरूद विधानसभा क्षेत्र में औद्योगिक विकास को गति देने, अधोसंरचना मजबूत करने और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने को लेकर उद्योगपतियों एवं उद्यमियों की बैठक आयोजित की गई। विधायक अजय चंद्राकर की अध्यक्षता में हुई बैठक में मेगा फूड पार्क बगौद, मौजूदा और प्रस्तावित औद्योगिक क्षेत्रों की प्रगति के साथ उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप कौशल विकास और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई।चंद्राकर ने कहा कि क्षेत्र में औद्योगिक विकास के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है, मेगा फूड पार्क बगौद में विद्युत सब-स्टेशन का कार्य शुरू हो चुका है। क्षेत्र में बगौद एवं जामगांव औद्योगिक क्षेत्र संचालित हैं, जबकि करेली बड़ी, कचना और भालूझूलन में नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने की दिशा में कार्य जारी है।बैठक में उद्यमियों ने जल उपलब्धता, बैंक ऋण, बाउंड्री वॉल, अतिक्रमण, लीज रेंट में राहत सहित विभिन्न समस्याएं एवं मांगें रखीं,जिस पर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ इन विषयों पर चर्चा कर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।वहीं जामगांव आईटीआई सहित क्षेत्र के प्रशिक्षण संस्थानों के माध्यम से उद्योगों की जरूरत के अनुरूप कुशल मानव संसाधन तैयार करने पर जोर दिया गया। मार्बल सेंटर इंडिया, कोडापार ने स्थानीय युवाओं को ऑन-जॉब ट्रेनिंग देने की सहमति जताई, जबकि राघव इंडस्ट्रीज ने कंप्यूटर एवं अंग्रेजी भाषा में दक्ष कर्मचारियों की आवश्यकता बताई।बैठक में एसडीएम नभ सिंह, पीडब्ल्यूडी अधिकारी, विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों के व्यवसायी एवं उद्यमी उपस्थित रहे,जिन्होंने उद्योगों की आवश्यकताओं और स्थानीय युवाओं के कौशल के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर सहमति बनी।

