

महानदी किनारे गांवों में अलर्ट, जलाशयों का जलस्तर तेजी से बढ़ा
धमतरी। जिले और कैचमेंट क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश से जलाशयों का जलस्तर तेजी से बढ़ा है।रविवार सुबह 8 बजे तक गंगरेल 97.16 प्रतिशत, मुरुमसिल्ली 99.47 प्रतिशत, दुधावा 94.83 प्रतिशत और सोदूर जलाशय 76.58 प्रतिशत भर चुका था।गंगरेल बांध में बढ़ती आवक को देखते हुए 7 गेट खोलकर करीब 42,540 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इसमें रुद्री बैराज से लगभग 5,500 क्यूसेक पानी महानदी मुख्य नहर और 37,000 क्यूसेक महानदी में प्रवाहित किया जा रहा है। आवक बढ़ने पर पानी निकासी की मात्रा बढ़ाई जा सकती है।पानी छोड़े जाने से महानदी के जलस्तर में वृद्धि की संभावना को देखते हुए नदी किनारे बसे गांवों में अलर्ट जारी किया गया है। मैदानी अमले को लगातार निगरानी और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
नदी-नालों से दूर रहने की अपील
जिला प्रशासन ने लोगों से नदी, नाले, रपट और जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचने तथा तेज बहाव में पैदल या वाहन से नदी पार करने का प्रयास नहीं करने की अपील की है। बच्चों को भी जलभराव वाले स्थानों से दूर रखने कहा गया है।कलेक्टर ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। जलस्तर बढ़ने की स्थिति में लोग सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों पर जाएं और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।कहा, “सावधानी ही सुरक्षा है।”

