

गंगरेल ब्लू एडवेंचर स्पोर्ट एसोसिएशन की गोताखोर टीम ने चलाया रेस्क्यू अभियान
धमतरी। मुरुमसिल्ली जलाशय के आश्रित ग्राम गेदारापारा और बागडोंगरी निवासी दो मछुआरों के तेज जलप्रवाह में बहने के बाद रविवार को गंगरेल ब्लू एडवेंचर स्पोर्ट एसोसिएशन छत्तीसगढ़ की गोताखोर टीम ने दोनों के शव बरामद कर लिए।जानकारी के अनुसार देवकरण और लोकेश मांडवी रिश्ते में मामा-भांजे थे। दोनों शनिवार देर शाम गेदारापारा स्थित रपटा के पास मछली पकड़ने गए थे। इसी दौरान एक का पैर फिसल गया और वह तेज बहाव में बहने लगा। उसे बचाने के प्रयास में दूसरा भी पानी की चपेट में आ गया।सूचना मिलने पर सतवंत कुमार महिलांग के नेतृत्व में गोताखोर टीम मौके पर पहुंची और सघन खोजबीन शुरू की। काफी प्रयास के बाद एक शव घटनास्थल से करीब 100 मीटर दूर झाड़ियों में फंसा मिला, जबकि दूसरे शव को भी कुछ दूरी से बरामद कर लिया गया। आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए।
प्रशासन ने की सावधानी बरतने की अपील
लगातार बारिश और जलाशयों में बढ़ती आवक को देखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों, रपटों और तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है। कलेक्टर ने कहा कि गंगरेल बांध के सात गेट खोलकर पानी की निकासी की जा रही है, जिससे आसपास के नदी-नालों का जलस्तर बढ़ सकता है।कहा कि सावधानी ही सुरक्षा है, इसलिए नागरिक अनावश्यक जोखिम न लें और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें।

