
शशिकांत का एम्स रायपुर में उपचार शुरू, मुख्यमंत्री ने स्वीकृत किए चार लाख रुपए
धमतरी। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के जरिए सामने आई धमतरी के देवपुर निवासी शशिकांत भरत की पीड़ा पर मुख्यमंत्री ने तत्काल संज्ञान लिया।मुख्यमंत्री ने स्वयं फोन कर शशिकांत का हालचाल जाना और बेहतर उपचार का भरोसा दिलाया।उनकी इस पहल पर शशिकांत को 9 सितंबर की शाम एम्स रायपुर में भर्ती कराया गया, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उपचार शुरू हो गया है।मुख्यमंत्री ने शशिकांत के उपचार के लिए चार लाख रुपए की स्वेच्छा अनुदान राशि भी स्वीकृत की है।जिला प्रशासन ने आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण और विशेषज्ञों की सलाह के बाद उनके उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की।वर्ष 2016 में आईटीआई की पढ़ाई के दौरान सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए शशिकांत लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रहे हैं।मुख्यमंत्री की पहल के बाद एम्स में उपचार शुरू होने और आर्थिक सहायता मिलने से परिवार को बड़ी राहत मिली है तथा मुख्यमंत्री से बातचीत के दौरान शशिकांत ने भावुक होकर आभार जताया। मुख्यमंत्री की यह पहल सोशल मीडिया के जरिए सामने आई एक जरूरतमंद नागरिक की समस्या पर त्वरित कार्रवाई और संवेदनशील सुशासन का उदाहरण बनकर सामने आई है।

