
समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करें – सीईओ जयंत नाहटा
धमतरी। छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ की योजनाओं एवं गतिविधियों की समीक्षा जिला पंचायत सभाकक्ष में हुई। सीईओ जिला पंचायत जयंत नाहटा ने स्व-सहायता समूहों, ग्राम संगठनों एवं सीएलएफ की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए योजनाओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बैठक में जेण्डर सभा एवं जेण्डर संसद की तैयारियों, समूहों को आरएफ राशि, संस्थागत सुदृढ़ीकरण और प्रशिक्षण कार्यक्रमों की समीक्षा कर कहा कि महिला सशक्तिकरण से जुड़े कार्यक्रमों को औपचारिकता तक सीमित न रखकर गांव स्तर पर प्रभावी बातचीत और जागरूकता का माध्यम बनाया जाए।
डिजिटल रिकॉर्ड और वित्तीय पारदर्शिता पर जोर
लोकोस पोर्टल की लंबित एमआईएस एवं ट्रांजेक्शन एंट्री तत्काल पूर्ण कराने तथा तकनीकी समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही सितम्बर के अंत तक सभी सीएलएफ का ऑडिट पूरा कराने कहा।बैठक में सोलर दीदी कार्यक्रम, लखपति दीदियों की सफलता की कहानियों के संकलन और अंबर चरखा गतिविधि की भी समीक्षा हुई। अंबर चरखा के लिए धागे की उपलब्धता में लापरवाही पर संबंधित खादी ग्रामोद्योग को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।नाहटा ने कहा कि ‘बिहान’ ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसके प्रभावी संचालन के लिए विभागीय अमले और सामुदायिक संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।

