देमार स्कूल में स्वास्थ्य शिविर के साथ विद्यार्थियों को मिला करियर मार्गदर्शन

सीईओ जिला पंचायत जयंत नाहटा ने विद्यार्थियों से किया संवाद, लक्ष्य निर्धारण और समय प्रबंधन का दिया मंत्र

विद्यालय में चार अतिरिक्त कक्ष एवं बालिका शौचालय निर्माण की घोषणा

धमतरी। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय देमार में रोटरी क्लब द्वारा स्वास्थ्य शिविर एवं प्रेरक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ शिक्षा, व्यक्तित्व विकास, करियर निर्माण और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया।सीईओ जयंत नाहटा ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।नाहटा ने विद्यार्थियों से बातचीत करते हुए अपने जीवन एवं प्रशासनिक सेवा से जुड़े अनुभव साझा किए,तथा विद्यार्थियों को जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने, अनुशासन के साथ आगे बढ़ने और निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।कहा कि प्रतिभा सफलता की शुरुआत हो सकती है, लेकिन लक्ष्य के प्रति निरंतर मेहनत, समय का सदुपयोग, अनुशासन और सकारात्मक सोच ही सफलता को स्थायी बनाती है।विद्यार्थियों को समय प्रबंधन का महत्व समझाते हुए कहा कि विद्यार्थी जीवन भविष्य की नींव तैयार करने का सबसे महत्वपूर्ण अवसर है। पढ़ाई के साथ सामान्य ज्ञान बढ़ाने, समाचार-पत्र पढ़ने, समसामयिक घटनाओं से परिचित होने तथा अपने आसपास की परिस्थितियों को समझने की आदत विकसित करनी चाहिए,प्रतिदिन की अध्ययन योजना बनाने और बड़े लक्ष्य को छोटे-छोटे चरणों में विभाजित कर निरंतर तैयारी करने की सलाह दी।इस दौरान विद्यार्थियों में सीईओ से संवाद को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला एवं छात्रा भूमिका सेन ने उनसे पूछा कि आईएएस बनने के लिए क्या योग्यता आवश्यक है और इसकी तैयारी किस प्रकार की जाती है। छात्रा के सवाल का जवाब देते हुए नाहटा ने सहज एवं प्रेरक तरीके से सिविल सेवा परीक्षा की प्रक्रिया तथा अपनी प्रशासनिक सेवा तक की यात्रा के बारे में जानकारी दी।वहीं विद्यालय में अध्ययन के प्रति विद्यार्थियों की रुचि एवं सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण को देखते हुए जयंत नाहटा ने विद्यालय के लिए महत्वपूर्ण घोषणा की,वीबी-जी रामजी योजना के तहत विद्यालय में चार अतिरिक्त कक्ष एवं बालिका शौचालय स्वीकृत किए जाने की घोषणा की। घोषणा से विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों में उत्साह का वातावरण बना।कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए बेहतर शैक्षणिक अधोसंरचना अत्यंत आवश्यक है। अतिरिक्त कक्षों के निर्माण से विद्यार्थियों के लिए अध्ययन की बेहतर व्यवस्था उपलब्ध होगी, वहीं बालिका शौचालय की सुविधा से छात्राओं को आवश्यक सुविधाएं मिलेंगी और विद्यालय में लिए अधिक सुविधाजनक एवं अनुकूल शैक्षणिक वातावरण तैयार होगा।वहीं विद्यालय प्रबंधन को उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।साथ ही विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को भी विशेष प्राथमिकता दी गई।सीईओ ने स्वास्थ्य अधिकारी को विद्यालय में स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण एवं एचआईवी जांच कराए जाने के निर्देश दिए।कहा कि विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के साथ उनका शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य भी समान रूप से महत्वपूर्ण है। वहीं रोटरी क्लब धमतरी द्वारा इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षकों को छतरी भेंट कर सम्मानित किया गया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *