पशु सखियों ने सीखा आधुनिक पशुपालन का व्यवहारिक ज्ञान

शैक्षणिक भ्रमण बना ग्रामीण आजीविका सशक्तिकरण का माध्यम

धमतरी। बैंक ऑफ बड़ौदा आरसेटी, धमतरी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही पशु सखियों के लिए आयोजित शैक्षणिक भ्रमण उनके लिए सीखने और आत्मविश्वास बढ़ाने का प्रेरक अवसर साबित हुआ। भ्रमण के प्रथम चरण में प्रतिभागियों ने दुग्ध शीत केन्द्र, मुजगहन का अवलोकन किया,जहां उन्हें दूध संग्रहण, गुणवत्ता परीक्षण, वसा एवं एसएनएफ जाँच तथा शीतलीकरण (Milk Chilling) की संपूर्ण प्रक्रिया प्रत्यक्ष रूप से दिखाई गई तथा विशेषज्ञों ने बताया कि दूध को निर्धारित तापमान पर सुरक्षित रखने से उसकी गुणवत्ता बनी रहती है और किसानों को बेहतर मूल्य प्राप्त होता है, इस अनुभव से पशु सखियों को दुग्ध उत्पादन से लेकर विपणन तक की वैज्ञानिक प्रक्रिया को समझने का अवसर मिला।इसके बाद ग्राम पोटियाडीह एवं बोड़रा (स.) के गौधामों का भ्रमण किया।यहाँ नियमित कृत्रिम गर्भाधान (AI) रूट के माध्यम से किए जा रहे नस्ल सुधार कार्यों का निरीक्षण कराया गया तथा वैज्ञानिक पशुपालन से होने वाले आर्थिक लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई एवं प्रतिभागियों ने प्रत्यक्ष रूप से देखा कि नियमित तकनीकी सेवाओं से पशुधन की उत्पादकता में उल्लेखनीय सुधार संभव है।वहीं गोविंदी देवी गौशाला रहा, जहाँ हरे चारे के उत्पादन, नेपियर एवं अन्य पोषक चारा फसलों की उपयोगिता, यूरिया उपचारित पैरा के माध्यम से सूखे चारे की पोषण गुणवत्ता बढ़ाने की विधि तथा संतुलित पशु आहार तैयार करने की कम लागत वाली तकनीकों का व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया।साथ ही स्वच्छता, टीकाकरण, खुरपका-मुंहपका नियंत्रण तथा पशुओं के वैज्ञानिक प्रबंधन पर भी विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया गया।विशेषज्ञों ने पशु सखियों को केवल प्रशिक्षार्थी नहीं, बल्कि ग्रामीण पशुपालन व्यवस्था की भविष्य की तकनीकी सहयोगी बताते हुए उन्हें गांव-गांव में वैज्ञानिक पशुपालन के प्रसार हेतु प्रेरित किया।वहीं प्रशिक्षण प्राप्त पशु सखियों ने बताया कि इस भ्रमण से उन्हें पशुपालन की अनेक व्यवहारिक तकनीकों को नजदीक से समझने का अवसर मिला, जिससे वे अपने गांवों में पशुपालकों को अधिक प्रभावी सलाह दे सकेंगी। अब वे दुग्ध गुणवत्ता, संतुलित आहार, नस्ल सुधार, चारा प्रबंधन तथा पशु स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं के बारे में ग्रामीण परिवारों को जागरूक करने के लिए और अधिक आत्मविश्वास के साथ कार्य करेंगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *