

अंतरराष्ट्रीय मंच पर धमतरी का गौरव बढ़ाने वाले सत्यांशु दीप को कलेक्टर ने दी बधाई
धमतरी। जिले के लिए यह अत्यंत गौरव और हर्ष का विषय है कि समाज कल्याण विभाग द्वारा अनुदानित सार्थक स्कूल, धमतरी के विशेष खिलाड़ी सत्यांशु दीप ने स्पेशल ओलंपिक्स भारत–छत्तीसगढ़ के माध्यम से भारतीय स्पेशल ओलंपिक्स फुटबॉल टीम में चयनित होकर स्वीडन में आयोजित स्पेशल ओलंपिक्स गोथिया कप-2026 (Special Olympics Gothia Cup 2026) में भारत का प्रतिनिधित्व किया।भारत की स्पेशल ओलंपिक फुटबॉल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक (ब्रॉन्ज मेडल) जीत लिया है। तीसरे स्थान के रोमांचक मुकाबले में भारतीय टीम ने फिनलैंड को 2-1 से हराया,इस उपलब्धि पर कलेक्टर ने सत्यांशु दीप को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि किसी विशेष खिलाड़ी का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करना पूरे जिले के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है,सत्यांशु ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन, कठिन परिश्रम और अदम्य इच्छाशक्ति के बल पर यह मुकाम हासिल किया है।उनकी सफलता यह सिद्ध करती है कि दृढ़ संकल्प, सतत अभ्यास और उचित मार्गदर्शन मिलने पर विशेष बच्चे भी वैश्विक मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन कर सकते हैं।
कहा कि शासन विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है, ऐसे खिलाड़ियों की उपलब्धियाँ समाज में सकारात्मक सोच को सशक्त करती हैं तथा समावेशी विकास की भावना को भी मजबूत बनाती हैं, विश्वास व्यक्त किया कि सत्यांशु दीप भविष्य में भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर धमतरी, छत्तीसगढ़ और भारत का गौरव बढ़ाते रहेंगे।वहीं उप संचालक, समाज कल्याण विभाग, धमतरी डॉ. मनीषा पांडे ने भी सत्यांशु दीप को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि जिले एवं प्रदेश के विशेष बच्चों के लिए प्रेरणास्रोत है।कहा कि स्पेशल ओलंपिक्स भारत–छत्तीसगढ़ के मार्गदर्शन, सार्थक स्कूल के नियमित प्रशिक्षण, प्रशिक्षकों की मेहनत तथा परिवार के निरंतर सहयोग से सत्यांशु ने यह ऐतिहासिक उपलब्धि अर्जित की है।सत्यांशु दीप इससे पूर्व राष्ट्रीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप, रोहतक (हरियाणा) में देश के 23 राज्यों के 500 से अधिक खिलाड़ियों के बीच उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए लॉन्ग जंप में स्वर्ण पदक तथा 100 मीटर दौड़ में कांस्य पदक प्राप्त कर चुके हैं।


