
धान फसल के लिए संतुलित उर्वरक वितरण पर जोर,
धमतरी। कलेक्टर के निर्देश पर कृषि विकास अधिकारी कार्यालय में उर्वरक विक्रेताओं की बैठक आयोजित कर अनुविभागीय अधिकारी कृषि ने जिले के समस्त उर्वरक विक्रेताओं को खाद वितरण एवं विक्रय से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।बैठक में अधिकारियों ने निर्देशित किया कि किसानों को उर्वरकों का वितरण पूरी पारदर्शिता एवं नियमानुसार किया जाए।विशेष रूप से धान फसल के लिए इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय द्वारा अनुशंसित उर्वरक मात्रा की जानकारी विक्रेताओं को दी गई,बताया कि धान फसल में भूमि की उर्वरता एवं किसानों की आवश्यकता के अनुसार यूरिया, डीएपी, सिंगल सुपर फास्फेट, म्यूरेट ऑफ पोटाश तथा एनपीके उर्वरकों का विक्रय निर्धारित मात्रा में ही किया जाए, साथ ही नैनो यूरिया एवं नैनो डीएपी के उपयोग को बढ़ावा देने के निर्देश भी दिए गए।बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि किसानों को उनकी फसल एवं रकबा के अनुसार ही उर्वरक उपलब्ध कराया जाए तथा अनावश्यक भंडारण, कालाबाजारी तथा अधिक मात्रा में विक्रय जैसी गतिविधियों पर पूर्ण रोक लगाने के निर्देश दिए गए।सभी विक्रेताओं को वितरण रजिस्टर का सही संधारण करने एवं प्रतिदिन जानकारी रखने कहा गया।कहा कि शासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए किसानों को समय पर गुणवत्तायुक्त उर्वरक उपलब्ध कराना सभी विक्रेताओं की जिम्मेदारी है।अतः किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


