
रक्तदाताओं के हेल्थ इंश्योरेंस और सम्मान योजना पर बनी सहमति
धमतरी। कलेक्टर की अध्यक्षता में जीवनदीप समिति की कार्यकारिणी बैठक आयोजित की गई,बैठक में कार्यकारिणी सदस्य रंजना साहू, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. यू.एल. कौशिक, सिविल सर्जन सहित समिति के सदस्य एवं डिप्टी कलेक्टर सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।बैठक की शुरुआत पूर्व बैठक के पालन प्रतिवेदन के प्रस्तुतीकरण से हुई, जिसमें विभिन्न निर्णयों की समीक्षा की गई,इसके बाद समिति के आय-व्यय का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया गया, जिस पर कलेक्टर ने विस्तार से चर्चा करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन एवं बजट उपयोग की समीक्षा करते हुए समिति द्वारा किए जा रहे कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए आगामी समय में स्वास्थ्य सुविधाओं को और अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने के निर्देश दिए।कहा कि जिला अस्पताल एवं स्वास्थ्य केंद्रों को अधिक सुदृढ़, व्यवस्थित और मरीजों के अनुकूल बनाने के लिए राज्य शासन प्रतिबद्ध है अतःअधिकारियों को निर्देशित किया कि उपलब्ध संसाधनों और बजट का पारदर्शी सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ समय पर मिल सके।वहीं बैठक में नियमित रक्तदान करने वाले रक्तदाताओं के लिए हेल्थ इंश्योरेंस योजना तैयार कर प्रस्ताव प्रस्तुत करने पर सहमति बनी तथा आगामी बैठक में सक्रिय रक्तदाताओं को सम्मानित किए जाने का निर्णय भी लिया गया।साथ ही सदस्यों ने जिला अस्पताल एवं स्वास्थ्य संस्थानों के आसपास अतिक्रमण तथा गुटखा, बीड़ी, सिगरेट आदि की गुमटियों के संचालन पर चिंता व्यक्त की।जिस पर कलेक्टर ने नगर निगम को पत्र लिखकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, कहा कि अस्पताल परिसर के आसपास स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है,वहीं समिति के सदस्यों द्वारा स्वास्थ्य केंद्रों में स्टाफ की कमी, दवाइयों की उपलब्धता, उपकरणों के रखरखाव तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता से संबंधित विभिन्न मुद्दे भी उठाए गए। इस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश देते हुए स्वास्थ्य व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए ठोस एवं प्रभावी प्रयास करने पर बल दिया।


