
अन्नदाता किसानों को राहत दिलाने प्रशासन तत्काल उठाए आवश्यक कदम
धमतरी। बंगाल की खाड़ी में उठे अकवान तूफान के प्रभाव से बीते रात से जिले में रुक-रुककर हो रही बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में खड़ी धान की फसल के साथ ही कटाई के बाद खेतों में रखी फसल भी बारिश से प्रभावित होने की आशंका है। इससे किसानों के सामने फसल नुकसान और आर्थिक परेशानी की चिंता खड़ी हो गई है।
प्रभावित किसानों को फसल बीमा योजना से क्षतिपूर्ति दिलाने की पहल
इस स्थिति पर नगर निगम पार्षद विजय मोटवानी ने चिंता व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन से किसानों को राहत प्रदान करने की मांग की है।कहा कि दीपावली से पहले भी तूफान के कारण हुई बारिश से किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ा था। अब एक बार फिर मौसम की मार ने उनकी चिंता बढ़ा दी है।
किसानों को राहत देने प्रशासन शीघ्र उठाए आवश्यक कदम
मोटवानी ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल फसल क्षति का सर्वे कराया जाए तथा वास्तविक नुकसान का आकलन कर प्रभावित किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत नियमानुसार क्षतिपूर्ति दिलाने की पहल की जाए,किसानों की मेहनत और उनकी उपज को हुए नुकसान को देखते हुए प्रशासन को शीघ्र आवश्यक कदम उठाने चाहिए, ताकि अन्नदाता किसानों को समय पर राहत मिल सके।

