धमतरी में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए मोनिका देवांगन ने स्वास्थ्य मंत्री को सौंपा मांगपत्र

अछोटा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, जिला अस्पताल में 220 बिस्तर और चिकित्सकों की नियुक्ति सहित पांच प्रमुख मांगें रखीं

धमतरी। जिला पंचायत धमतरी की स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास तथा स्वच्छता विभाग की सभापति एवं भाजपा गंगरेल मंडल अध्यक्ष मोनिका ऋषभ देवांगन ने रायपुर में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल से सौजन्य मुलाकात कर जिले की स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को लेकर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने पांच प्रमुख मांगों का मांगपत्र सौंपकर आवश्यक पहल का आग्रह किया।

धमतरी जिले की स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए सौंपा मांगपत्र

मांगपत्र में ग्राम अछोटा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने, जिला चिकित्सालय धमतरी की क्षमता 200 से बढ़ाकर 220 बिस्तर करने तथा अस्पताल में चिकित्सकों के रिक्त पदों पर नियुक्ति की मांग शामिल है। इसके अलावा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भटगांव को 6 से बढ़ाकर 10 बिस्तर का करने और ग्राम दोनर में नवीन उप स्वास्थ्य केंद्र स्थापित करने की मांग रखी गई।

जिला अस्पताल में 220 बिस्तर और रिक्त चिकित्सकीय पदों पर नियुक्ति का प्रस्ताव

मोनिका देवांगन ने बताया कि जिला अस्पताल में धमतरी के साथ आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। चिकित्सकों और बिस्तरों की कमी के कारण मरीजों को असुविधा होती है। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य केंद्रों का विस्तार होने से लोगों को स्थानीय स्तर पर उपचार की सुविधा मिल सकेगी।

स्वास्थ्य मंत्री ने उचित कार्रवाई का दिया आश्वासन

जिस पर स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक परीक्षण के बाद उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस अवसर पर भाजपा जिला मंत्री हेमंत चंद्राकर एवं पूर्व मंडल अध्यक्ष ऋषभ देवांगन उपस्थित रहे।श्रीमती देवांगन ने कहा कि जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने, चिकित्सकों की कमी दूर करने और स्वास्थ्य संस्थानों के उन्नयन के लिए उनका प्रयास जारी रहेगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *