धान खरीदी केंद्र अछोटा का कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने किया आकस्मिक निरीक्षण

किसानों से सीधा बातचीत कर जानी समस्याएं, खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी और सुगम बनाने के दिए निर्देश

कृषक उन्नति योजना के तहत प्रति एकड़ 13,839 रुपये आदान सहायता के प्रावधान की दी जानकारी

धमतरी। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की व्यवस्था का जायजा लेने कलेक्टर ने आज धान खरीदी केंद्र अछोटा का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने धान उपार्जन की प्रक्रिया, किसानों के पंजीयन, टोकन व्यवस्था और केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

किसानों से रूबरू होकर जानी धान खरीदी और टोकन व्यवस्था की स्थिति

कलेक्टर श्री मिश्रा ने खरीदी केंद्र में उपस्थित किसानों से सीधे बातचीत कर धान विक्रय की प्रक्रिया और व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक लिया। उन्होंने एग्रीस्टेक पंजीयन, टोकन प्राप्त करने तथा धान विक्रय के दौरान आने वाली समस्याओं की जानकारी ली। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को उपार्जन केंद्र में किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए पेयजल, बैठने सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के साथ खरीदी प्रक्रिया को सुगम, व्यवस्थित एवं पारदर्शी रखा जाए। किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश भी दिए।

कृषक उन्नति योजना के तहत 13,839 रुपये प्रति एकड़ आदान सहायता की दी जानकारी

इस दौरान कलेक्टर ने किसानों को शासन की कृषक उन्नति योजना की जानकारी देते हुए बताया कि योजना के तहत पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की दर से आदान सहायता राशि दिए जाने का प्रावधान है। उन्होंने योजना के लाभ एवं प्रावधानों से अवगत कराते हुए कहा कि शासन किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और खेती को लाभकारी बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।वहीं कलेक्टर ने किसानों को सुझाव दिया कि पतले धान का विक्रय करने से पहले मंडी में उसकी कीमत की जानकारी अवश्य प्राप्त करें। यदि मंडी में बेहतर मूल्य मिलने की संभावना हो, तो किसान वहां धान विक्रय के विकल्प पर भी विचार कर सकते हैं।

मंडी बोर्ड के निर्माणाधीन गोदाम का निरीक्षण कर गुणवत्ता और समय-सीमा पर दिया जोर

कलेक्टर ने मंडी बोर्ड द्वारा निर्माणाधीन गोदाम का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान एसडीएम पीयूष तिवारी, जिला खाद्य अधिकारी बसंत कोर्राम, सहकारी समिति के उप संचालक प्रदीप ठाकुर, मार्कफेड के सुनील सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *