
जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, टीबी एवं सिकल सेल नियंत्रण कार्यक्रमों की समीक्षा, लापरवाही पर कार्रवाई के दिए संकेत
धमतरी। कलेक्टर ने आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए नियमित निगरानी, बेहतर समन्वय और समयबद्ध कार्ययोजना के साथ काम करें।कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में लक्ष्य पूर्ति के साथ गुणवत्ता और मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना भी सुनिश्चित किया जाए।
जिले में 7,160 गर्भवती महिलाओं का पंजीयन, 1,805 हाई रिस्क श्रेणी में चिह्नित
बैठक में अप्रैल से अक्टूबर 2026 तक की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया गया कि जिले में 7,160 गर्भवती महिलाओं का पंजीयन हुआ, जिनमें 6,979 का प्रथम तिमाही में पंजीयन किया गया। वहीं 1,805 उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की पहचान की गई है,जिस पर कलेक्टर ने इन महिलाओं की नियमित जांच और आवश्यकतानुसार विशेषज्ञ परामर्श एवं अल्ट्रासाउंड कराने के निर्देश दिए। इस अवधि में 6,484 संस्थागत प्रसव दर्ज किए गए।
टीबी अभियान में 1.71 लाख से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग
नियमित टीकाकरण में 47 प्रतिशत और एचपीवी टीकाकरण में 67 प्रतिशत उपलब्धि की जानकारी दी गई,जिस पर कलेक्टर ने छूटे हुए बच्चों एवं पात्र हितग्राहियों को अभियान चलाकर टीकाकरण से जोड़ने को कहा। टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत 1.71 लाख से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग तथा सिकल सेल स्क्रीनिंग में 98 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की गई।
कम उपलब्धि वाले स्वास्थ्य संस्थानों के लिए बनेगी विशेष सुधारात्मक कार्ययोजना
बैठक में कुष्ठ एवं मलेरिया नियंत्रण, गैर संचारी रोगों की जांच, मधुमेह और उच्च रक्तचाप के मरीजों के नियमित फॉलोअप तथा कुपोषित बच्चों के उपचार की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कम उपलब्धि वाले स्वास्थ्य संस्थानों के लिए विशेष सुधारात्मक कार्ययोजना तैयार करने और स्वास्थ्य अधोसंरचना के निर्माण एवं मरम्मत कार्यों को समय-सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी अधिकारी जवाबदेही के साथ कार्य करें, ताकि जिले के प्रत्येक नागरिक को सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। बैठक में जिला एवं विकासखंड स्तरीय स्वास्थ्य अधिकारी उपस्थित रहे।

