धान खरीदी में किसानों को परेशानी न हो, खसरा-रकबा और फसल प्रविष्टियों की त्रुटियों में हो रहा सुधार

पटवारियों की हड़ताल के बावजूद फसलों के भौतिक सत्यापन की वैकल्पिक व्यवस्था, पात्र किसानों का नियमानुसार पूरा धान खरीदा जाएगा

धमतरी। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू हो गई है। शुरुआती तीन दिनों में 2,398 किसानों से 8,205.16 मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है। वहीं, 18 नवंबर के लिए 1,008 किसानों को 3,663.25 मीट्रिक टन धान विक्रय के टोकन जारी किए गए हैं।

खसरा, रकबा और फसल प्रविष्टियों की त्रुटियों में किया जा रहा सुधार

धान खरीदी को सुचारु और पारदर्शी बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा किसानों के पंजीयन में खसरा नंबर, रकबा एवं फसल प्रविष्टियों से संबंधित त्रुटियों का सुधार किया जा रहा है। इसके लिए कृषि साख सहकारी समिति मॉड्यूल में खसरा मैपिंग के माध्यम से एग्रीस्टैक यूएफआर से अभिलेखों का मिलान किया जा रहा है,जिन किसानों का रकबा शून्य प्रदर्शित हो रहा है अथवा धान के स्थान पर दूसरी फसल दर्ज है, वे संबंधित सहकारी समिति में जाकर अभिलेखों की जांच एवं सुधार कराएं।

पटवारियों की हड़ताल के बावजूद भौतिक सत्यापन के लिए वैकल्पिक व्यवस्था

पटवारियों की हड़ताल के कारण पात्र किसानों का पंजीयन प्रभावित न हो, इसके लिए राजस्व अधिकारियों, राजस्व निरीक्षकों, परिवीक्षाधीन एवं सेवानिवृत्त पटवारियों, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों तथा अमीन के माध्यम से फसलों का भौतिक सत्यापन कराया जा रहा है। वन से घोषित राजस्व ग्रामों एवं डूबान क्षेत्र के लीजधारक किसानों की फसलों का भी सत्यापन किया जा रहा है।

कलेक्टर ने राजस्व, कृषि, सिंचाई एवं पंचायत विभाग को दिए समन्वय के निर्देश

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने राजस्व, कृषि, सिंचाई एवं पंचायत विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करने तथा सर्वेक्षण के आंकड़े ग्राम पंचायतों में प्रकाशित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने दावा-आपत्तियों का स्थल निरीक्षण कर समय-सीमा में निराकरण करने और वास्तविक खेती करने वाले पात्र किसानों के हितों का ध्यान रखने को कहा है।

पात्र किसानों का नियमानुसार पूरा धान खरीदेगा प्रशासन

कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि दस्तावेजी त्रुटियों के कारण कोई भी पात्र किसान शासन की योजना के लाभ से वंचित नहीं होना चाहिए। निर्धारित नियमों एवं मानकों के अनुसार वास्तविक रकबे में उत्पादित धान का पूरा उपार्जन किया जाएगा।अतः किसानों से अपील की है कि वे अपने पंजीयन संबंधी अभिलेखों की जांच कराएं और त्रुटि पाए जाने पर तत्काल संबंधित सहकारी समिति या विभागीय अधिकारियों से संपर्क करें।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *