

कलेक्ट्रेट रोड स्थित सुमित बाजार परिसर में नए भोजन केन्द्र की शुरुआत, पहले ही दिन 100 से अधिक श्रमिकों ने किया भोजन
धमतरी। मेहनतकश श्रमिकों को कम कीमत पर पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने की दिशा में छत्तीसगढ़ शासन की शहीद वीर नारायण सिंह श्रम अन्न सहायता योजना महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। योजना के तहत पंजीकृत निर्माणी एवं पात्र असंगठित श्रमिकों को मात्र पांच रुपये में भरपेट गर्म भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।
सुमित बाजार परिसर में शुरू हुआ नया श्रम अन्न सहायता केन्द्र
इसी कड़ी में धमतरी शहर के कलेक्ट्रेट रोड स्थित सुमित बाजार परिसर में 17 नवंबर को नवीन श्रम अन्न सहायता केन्द्र का शुभारंभ किया गया। केन्द्र के पहले ही दिन 100 से अधिक श्रमिकों ने भोजन ग्रहण किया। इससे शहर में काम करने वाले श्रमिकों और विभिन्न प्रतिष्ठानों के कर्मचारियों को बड़ी राहत मिली है।
पांच रुपये में चावल, दाल, सब्जी, अचार, पापड़ और छाछ सहित पौष्टिक भोजन
केन्द्र में पांच रुपये में चावल, दाल, मौसमी सब्जी, अचार, पापड़ और छाछ सहित पौष्टिक भोजन दिया जा रहा है। यहां भोजन करने वाले सुमित बाजार के कर्मचारियों ने बताया कि कार्यस्थल के पास कम कीमत में गर्म और भरपेट भोजन मिलने से समय और पैसे दोनों की बचत हो रही है। उन्होंने इस सुविधा के लिए शासन और श्रम विभाग के प्रति आभार जताया।
18 से 60 वर्ष के पात्र श्रमिक केन्द्र में करा सकेंगे पंजीयन
श्रम पदाधिकारी के अनुसार योजना का लाभ पंजीकृत निर्माणी एवं पात्र असंगठित क्षेत्र के श्रमिक ले सकते हैं,18 से 60 वर्ष आयु के पात्र श्रमिक आवश्यक दस्तावेजों के साथ केन्द्र में ही पंजीयन करा सकते हैं। इसके लिए आधार कार्ड, बैंक पासबुक, मोबाइल नंबर, राशन कार्ड तथा श्रेणी के अनुसार स्वघोषणा एवं आय संबंधी प्रमाण उपलब्ध कराना होगा। लाइव फोटो के साथ पंजीयन प्रक्रिया पूरी होने पर श्रमिक कार्ड तत्काल बनाया जा रहा है।
भोजन सुविधा के साथ श्रमिकों को शासकीय कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने की पहल
इस व्यवस्था से श्रमिकों को पंजीयन के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। भोजन सुविधा के साथ उन्हें श्रम विभाग की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने में भी मदद मिलेगी।नवीन केन्द्र के शुभारंभ अवसर पर सुमित बाजार के संचालक विजय कंकरिया, नवीन जैन, विभिन्न संस्थानों के संचालक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। वहीं श्रम पदाधिकारी, कल्याण निरीक्षक ज्ञानेन्द्र यादव, डिगेश्वर साहू सहित अन्य लोगों ने योजना के संचालन में सहभागिता निभाई।पांच रुपये में पौष्टिक भोजन की यह सुविधा श्रमिकों के स्वास्थ्य, सम्मान और आर्थिक राहत की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

