
1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर हो रहा विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण, नागरिकों से मतदाता सूची में नाम एवं विवरण जांचने की अपील
धमतरी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूची का पुनरीक्षण किया जा रहा है। मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन 12 नवंबर को किया जा चुका है,ये अभियान 11 दिसंबर 2026 तक चलेगा।
बीएलओ के माध्यम से मतदान केंद्रों पर चलेगी प्रक्रिया
इस दौरान सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के माध्यम से पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने, अपात्र एवं मृत व्यक्तियों के नाम हटाने तथा नाम, पता और अन्य विवरणों में संशोधन की कार्रवाई की जाएगी।जिला निर्वाचन कार्यालय ने सभी नगरीय निकायों एवं ग्राम पंचायतों को अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए हैं। नगर निगम धमतरी द्वारा भी नागरिकों को जागरूक कर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने और त्रुटियों में सुधार के लिए प्रेरित किया जाएगा।
मृत एवं अपात्र मतदाताओं के नाम हटाने की होगी कार्रवाई
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने और परिवार के पात्र सदस्यों के नाम मतदाता सूची में अवश्य जांचें। नाम दर्ज नहीं होने पर उसे जुड़वाएं तथा किसी प्रकार की त्रुटि होने पर निर्धारित अवधि में संशोधन कराएं।निर्वाचन कार्यालय ने मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने के लिए सभी नागरिकों से अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की है।

