कांटा-बांट की पूजा के साथ धान खरीदी शुरू, कलेक्टर ने भटगांव केंद्र का किया निरीक्षण

पहले दिन 554 किसानों का कटा टोकन, जिले के 108 केंद्रों में खरीदी प्रारंभ; कलेक्टर ने खुद तौला किसान का धान और नमी की जांच की

धमतरी। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए रविवार से जिले के सभी 108 धान उपार्जन केंद्रों में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू हो गई। परंपरा के अनुसार विभिन्न केंद्रों में कांटा-बांट की पूजा कर खरीदी का शुभारंभ किया गया। पहले दिन 554 पंजीकृत किसानों का टोकन कटा और करीब 20 हजार क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य रखा गया।

कलेक्टर ने खुद की धान की तौल और नमी की जांच

धान खरीदी के पहले दिन कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने भटगांव उपार्जन केंद्र पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया एवं किसान के धान की तौल की और नमी मापक यंत्र से नमी की जांच भी की। इस दौरान किसानों से चर्चा कर उनकी सुविधाओं की जानकारी ली। कलेक्टर ने पंजीयन, धान के रकबे, बारदाने की उपलब्धता और तौल उपकरणों की स्थिति की समीक्षा करते हुए खरीदी प्रक्रिया पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।

किसानों की सुविधा और पारदर्शी खरीदी पर जोर

उन्होंने केंद्रों में साफ-सफाई, पेयजल, किसानों के बैठने की व्यवस्था और धान के सुरक्षित भंडारण पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही अन्य राज्यों से आने वाले धान और कोचियों के अवैध धान पर निगरानी रखकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने खरीदी केंद्रों में बने चबूतरों की गुणवत्ता का भी निरीक्षण किया।

अवैध धान की आवक रोकने चेकपोस्ट और उड़नदस्ता दल तैनात

जिले में इस वर्ष 1 लाख 31 हजार 491 किसान पंजीकृत हैं। इनके पास कुल 1 लाख 30 हजार 659 हेक्टेयर पंजीकृत भूमि तथा 1 लाख 22 हजार 58 हेक्टेयर धान का रकबा है। खरीदी व्यवस्था की निगरानी के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों में चेकपोस्ट बनाए गए हैं। इसके अलावा नोडल अधिकारी और उड़नदस्ता दल तैनात किए गए हैं, जो अवैध धान के परिवहन, भंडारण एवं बिक्री पर नजर रखेंगे।इस अवसर पर एसडीएम डॉ. कल्पना ध्रुव, जिला खाद्य अधिकारी बसंत कोर्राम, सहकारी बैंक एवं सहकारिता विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, समिति कर्मचारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *