

परिजनों की संवेदनशील पहल से दो दृष्टिबाधित व्यक्तियों को मिल सकेगी नई रोशनी, स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पूरी की नेत्रदान की प्रक्रिया
धमतरी। मानवता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए शिव चौक, धमतरी निवासी स्वर्गीय कौशल्या वाधवानी के परिजनों ने उनके निधन के बाद मरणोपरांत नेत्रदान का निर्णय लिया। 79 वर्षीय वाधवानी का 11 नवंबर को निधन हो गया था। इस दुख की घड़ी में परिजनों द्वारा लिया गया यह निर्णय दो दृष्टिबाधित व्यक्तियों के जीवन में नई रोशनी लाने का माध्यम बनेगा।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सफलतापूर्वक संपन्न कराई नेत्रदान की प्रक्रिया
जिला नोडल अधिकारी (अंधत्व) डॉ. राजेश सूर्यवंशी के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने नेत्रदान की प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न की। इस कार्य में सहायक नोडल अधिकारी गुरुशरण साहू, विकासखंड नेत्रदान अधिकारी भूपेन्द्र साहू एवं इन्द्रजीत साहू, नेत्र सहायक अधिकारी संतोष कुमार साहू तथा ओटी असिस्टेंट प्रकाश पटेल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
नेत्रदान के पुनीत कार्य से समाज को मिला मानवता और संवेदनशीलता का संदेश
स्वास्थ्य विभाग एवं समाज के प्रबुद्धजनों ने वाधवानी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिजनों के इस सराहनीय निर्णय की प्रशंसा की।वहीं विभाग ने कहा कि नेत्रदान एक ऐसा पुनीत कार्य है, जिसके माध्यम से किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन में उजाला लाया जा सकता है।वाधवानी के परिजनों की यह पहल समाज के अन्य लोगों को भी मरणोपरांत नेत्रदान के लिए प्रेरित करेगी।स्वास्थ्य विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि नेत्रदान के प्रति जागरूक बनें और इस मानवीय कार्य के लिए आगे आएं। नेत्रदान के माध्यम से किसी जरूरतमंद को दृष्टि का उपहार देकर उसके जीवन में नई उम्मीद जगाई जा सकती है।

