
डिजिटल क्रॉप सर्वे से सत्यापित रकबे के आधार पर होगा भुगतान, आधार लिंक बैंक खाते में डीबीटी से पहुंचेगी राशि
धमतरी। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा कृषक उन्नति योजना के तहत खरीफ वर्ष 2026-27 के लिए नए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इसके अनुसार पात्र धान उत्पादक किसानों को खरीफ 2026 में बोए गए सत्यापित धान के रकबे पर 13,839 रुपये प्रति एकड़ की दर से आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी। इसके लिए संबंधित रकबे के विरुद्ध मार्कफेड द्वारा समर्थन मूल्य पर धान अथवा छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम द्वारा धान बीज का उपार्जन होना आवश्यक है।
डिजिटल क्रॉप सर्वे और गिरदावरी से होगा धान के रकबे का सत्यापन
योजना का लाभ लेने के लिए किसानों का खाद्य विभाग के पोर्टल पर धान विक्रय हेतु पंजीयन और एग्रीस्टैक में कृषक पंजीयन अनिवार्य है। बोए गए धान के रकबे का सत्यापन डिजिटल क्रॉप सर्वे (डीसीएस) से किया जाएगा,जिन क्षेत्रों में सर्वे का डाटा उपलब्ध नहीं होगा, वहां कलेक्टर की अनुमति से गिरदावरी के आधार पर रकबे का सत्यापन किया जा सकेगा।शासन ने प्रति एकड़ 13,839 रुपये की सहायता राशि का निर्धारण धान के 3,100 रुपये प्रति क्विंटल मूल्य और 2,441 रुपये प्रति क्विंटल न्यूनतम समर्थन मूल्य के अंतर 659 रुपये को अधिकतम 21 क्विंटल से गुणा करके किया है।
21 क्विंटल से कम धान बेचने पर भी सत्यापित रकबे के अनुसार मिलेगी पूरी सहायता
योजना की विशेषता यह है कि किसान निर्धारित अधिकतम सीमा से कम धान बेचता है, तब भी उसे सत्यापित पात्र रकबे के अनुसार पूरी सहायता राशि मिलेगी। उदाहरण के तौर पर एक एकड़ में 15 क्विंटल धान बेचने पर भी 13,839 रुपये की सहायता मिलेगी। इसी तरह 2.5 एकड़ पर 34,597.50 रुपये देय होंगे।
किसानों के आधार लिंक बैंक खातों में डीबीटी से होगा राशि का भुगतान
सहायता राशि किसानों के आधार लिंक बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से जमा की जाएगी। धान विक्रय के लिए टोकन जारी करते समय निर्धारित प्रारूप में योजना के लिए आवेदन करना होगा तथा योजना का लाभ ग्रीष्मकालीन धान के लिए लागू नहीं होगा। विधिक संस्थाएं एवं शासन के संस्थान भी इसके लिए पात्र नहीं होंगे।
उन्नत बीज, आधुनिक तकनीक और फसल विविधीकरण को बढ़ावा देना योजना का उद्देश्य
योजना का उद्देश्य कृषि लागत कम करने, किसानों की आय बढ़ाने, उन्नत बीजों, आधुनिक कृषि तकनीक, कृषि यंत्रीकरण और फसल विविधीकरण को प्रोत्साहित करना है। योजना के क्रियान्वयन एवं निगरानी की जिम्मेदारी कृषि संचालनालय को सौंपी गई है।

