किसानों की आर्थिक मजबूती के लिए सरकार का बड़ा फैसला, 13,839 रुपये प्रति एकड़ मिलेगी आदान सहायता – अरुण सार्वा

धान कम बेचने पर भी सत्यापित रकबे के अनुसार मिलेगी पूरी सहायता राशि, किसानों के बैंक खाते में होगा सीधा भुगतान

धमतरी। जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने कृषक उन्नति योजना के तहत खरीफ वर्ष 2026-27 के लिए जारी नए दिशा-निर्देशों को किसानों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय बताया है। कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और खेती को लाभकारी बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। योजना के तहत पात्र किसानों को धान के बोए गए सत्यापित रकबे के आधार पर 13,839 रुपये प्रति एकड़ की दर से आदान सहायता राशि दी जाएगी।

निर्धारित सीमा से कम धान बेचने पर भी सत्यापित रकबे के अनुसार मिलेगा पूरा लाभ

सार्वा ने बताया कि योजना की विशेषता यह है कि किसान निर्धारित अधिकतम सीमा से कम धान बेचता है, तब भी उसे सत्यापित रकबे के अनुसार पूरी सहायता राशि मिलेगी। उदाहरण के तौर पर एक एकड़ में धान की खेती करने वाला किसान यदि 21 क्विंटल के बजाय 15 क्विंटल धान बेचता है, तब भी उसे 13,839 रुपये की सहायता मिलेगी। वहीं ढाई एकड़ के सत्यापित रकबे पर 34,597.50 रुपये प्राप्त होंगे।

एग्रीस्टैक पंजीयन और डिजिटल क्रॉप सर्वे के आधार पर तय होगी पात्रता

कहा कि योजना का लाभ खाद्य विभाग के पोर्टल पर पंजीकृत पात्र किसानों तथा माकफेड के माध्यम से धान बेचने वाले किसानों को मिलेगा। पंजीकृत धान बीज उत्पादक किसान भी इसके पात्र होंगे। इसके लिए एग्रीस्टैक में पंजीयन अनिवार्य है। धान के बोए गए रकबे का सत्यापन डिजिटल क्रॉप सर्वे के माध्यम से किया जाएगा,जहां सर्वे का डाटा उपलब्ध नहीं होगा, वहां कलेक्टर की अनुमति से गिरदावरी के आधार पर सत्यापन किया जा सकेगा।

आधार लिंक बैंक खाते में डीबीटी से सीधे पहुंचेगी सहायता राशि

सार्वा ने बताया कि सहायता राशि आधार लिंक बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से सीधे जमा की जाएगी।इससे भुगतान प्रक्रिया पारदर्शी रहेगी। योजना का उद्देश्य किसानों को आर्थिक सहायता देने के साथ उन्नत बीज, आधुनिक कृषि तकनीक, कृषि यंत्रीकरण, संतुलित पोषक तत्व प्रबंधन और फसल विविधीकरण को प्रोत्साहित करना भी है। हालांकि, योजना के तहत ग्रीष्मकालीन धान को लाभ नहीं मिलेगा।अंत में सार्वा ने कहा कि किसान प्रदेश की अर्थव्यवस्था की मजबूत नींव हैं। कृषक उन्नति योजना से किसानों को आर्थिक संबल मिलेगा, खेती की लागत का बोझ कम होगा और कृषि को अधिक लाभकारी बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने किसानों से एग्रीस्टैक पंजीयन और आधार लिंक बैंक खाते सहित आवश्यक औपचारिकताएं समय पर पूरी करने की अपील की।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *