तेलीनसत्ती में लंबित विकास कार्यों को लेकर जिला पंचायत अध्यक्ष ने की पहल

पंचायत पदाधिकारियों की मांग पर अरुण सार्वा ने अधिकारियों से ली जानकारी, नियमानुसार कार्रवाई कर कार्य शुरू कराने के दिए निर्देश

धमतरी। ग्राम पंचायत तेलीनसत्ती में 15वें वित्त आयोग की राशि से प्रस्तावित विकास कार्यों के शुरू नहीं होने का मामला जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा के संज्ञान में आया है।

आपत्ति के चलते प्रभावित हुई थी कार्यों की प्रक्रिया, पंचायत पदाधिकारियों ने सौंपा आवेदन

ग्राम पंचायत तेलीनसत्ती के सरपंच एवं पंचगण जिला पंचायत कार्यालय पहुंचे और अध्यक्ष अरुण सार्वा को आवेदन सौंपकर लंबित विकास कार्यों को शुरू कराने की मांग की। आवेदन में बताया गया कि करीब छह माह पूर्व ग्रामसभा एवं ग्राम पंचायत की मासिक बैठक में 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत विभिन्न विकास कार्य कराने का प्रस्ताव बहुमत से पारित किया गया था। इसके बाद प्रस्ताव एवं आवश्यक आवेदन जनपद पंचायत धमतरी में प्रस्तुत किए गए थे। हालांकि, बाद में आपत्ति दर्ज होने के कारण प्रस्तावित कार्यों की प्रक्रिया प्रभावित हो गई और अब तक कार्य शुरू नहीं हो सके हैं।पंचायत पदाधिकारियों ने बताया कि ग्रामसभा एवं पंचायत की बैठक में विधिवत प्रस्ताव पारित होने के बावजूद विकास कार्यों में हो रही देरी से गांव के विकास पर असर पड़ रहा है। उन्होंने लंबित प्रकरण का निराकरण कर स्वीकृत प्रक्रिया के अनुसार कार्य प्रारंभ कराने की मांग की।

अधिकारियों को दस्तावेजों का परीक्षण कर नियमानुसार शीघ्र निर्णय लेने के निर्देश

मामले पर त्वरित संज्ञान लेते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रकरण का नियमानुसार परीक्षण कर ग्रामसभा एवं पंचायत में बहुमत से पारित प्रस्ताव सहित सभी संबंधित दस्तावेजों के आधार पर उचित निर्णय लिया जाए।कहा कि ग्रामीणों की जरूरतों और जनहित से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। नियमों के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए अनावश्यक विलंब से बचना भी जरूरी है।उन्होंने अधिकारियों से पंचायत को आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करने तथा मामले में शीघ्र पहल करने को कहा। वहीं, पंचायत पदाधिकारियों ने जिला पंचायत अध्यक्ष की त्वरित पहल पर आभार जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि जल्द ही लंबित विकास कार्यों को शुरू करने का रास्ता साफ होगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *