सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला स्तरीय अधिकारियों ने लिया नेत्रदान का संकल्प

अधिकारियों ने भरे नेत्रदान सहमति पत्र, आम नागरिकों से भी मानव सेवा के इस पुनीत कार्य से जुड़ने की अपील

धमतरी। सेवा संकल्प अभियान के तहत धमतरी जिला प्रशासन द्वारा मानवीय संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नेत्रदान संकल्प की पहल की गई। समय-सीमा की बैठक के दौरान जिला स्तरीय अधिकारियों ने सामूहिक रूप से नेत्रदान का संकल्प लेते हुए नेत्रदान सहमति पत्र भरे।इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत जयंत नाहटा, अपर कलेक्टर इंदिरा देवहारी, नगर निगम आयुक्त अरुण वर्मा, संयुक्त कलेक्टर डॉ. कल्पना ध्रुव, एसडीएम पीयूष तिवारी सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

“हमारी आंखें किसी की सुबह बनें”

सीईओ जिला पंचायत ने कहा कि नेत्रदान मानव सेवा का महत्वपूर्ण कार्य है। मृत्यु के बाद नेत्रदान के माध्यम से किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन में रोशनी लाने में योगदान दिया जा सकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों से नेत्रदान का संकल्प लेने तथा आम नागरिकों को भी इस मानवीय पहल के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।कहा कि व्यक्ति के जाने के बाद भी उसका यह निर्णय किसी दूसरे के जीवन में उम्मीद और उजाला ला सकता है। नेत्रदान का संकल्प समाज में सेवा, संवेदना और परोपकार की भावना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

अधिकारियों ने खुद बढ़ाया कदम, समाज को दिया संदेश

जिला प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य नेत्रदान के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा अधिक से अधिक लोगों को इस मानवीय कार्य के लिए प्रेरित करना है। अधिकारियों द्वारा स्वयं नेत्रदान का संकल्प लेकर समाज के सामने उदाहरण प्रस्तुत किया गया है।जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे भी अपनी इच्छा और सहमति के अनुसार नेत्रदान जैसे मानवीय कार्य से जुड़कर समाज में सेवा और संवेदना की भावना को मजबूत करने में सहभागी बनें।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *