सेवा संकल्प अभियान में वन विभाग की पर्यावरण संरक्षण पहल

23 से 25 सितंबर तक जिलेभर में पौधरोपण, प्लास्टिक मुक्त जागरूकता और जलस्रोतों की स्वच्छता के लिए होंगे विविध आयोजन

धमतरी। सेवा संकल्प अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से व्यापक स्वरूप देने के लिए वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, धमतरी वनमंडल द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता पर केंद्रित तीन दिवसीय विशेष अभियान आयोजित किया जाएगा। 23 से 25 सितंबर तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पौधरोपण, प्लास्टिक मुक्त जागरूकता तथा जलस्रोतों की स्वच्छता सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित होंगी।

23 सितंबर को पौधरोपण से होगी शुरुआत

अभियान के पहले दिन जिले के विभिन्न तालाबों, स्टेडियम, वन परिसर एवं सार्वजनिक स्थलों पर पौधरोपण किया जाएगा। इसके साथ ही चटौद, कोड़ापार और बगदेही में उद्यानों के शिलान्यास के अवसर पर भी पौधरोपण होगा,जिसके माध्यम से सार्वजनिक स्थलों के हरित विकास और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा।

24 सितंबर को प्लास्टिक मुक्त जागरूकता एवं स्वच्छता अभियान

दूसरे दिन मानव वन गंगरेल-मरादेव, नया तालाब कुरूद और डिपो परिसर धमतरी में पर्यावरण स्वच्छता एवं प्लास्टिक मुक्त जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों और इसके उपयोग को कम करने के संबंध में नागरिकों को जागरूक किया जाएगा।

25 सितंबर को जलस्रोतों की स्वच्छता

अभियान के तीसरे दिन नरहरा जलप्रपात, सिंगपुर, फुटहामुड़ा, फरसियां और सिंहावा सहित प्रमुख जलस्रोतों एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान जलस्रोतों के संरक्षण और जल की महत्ता के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा।

जनभागीदारी से पर्यावरण संरक्षण को मिलेगा व्यापक स्वरूप

अभियान में जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों, आम नागरिकों तथा वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों की सहभागिता रहेगी। वन विभाग द्वारा पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और जलस्रोतों के संरक्षण को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए जनभागीदारी बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।इसके लिए जिलेवासियों से सेवा संकल्प अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील की है।कहा कि पौधरोपण, स्वच्छता और जलस्रोतों के संरक्षण जैसे सामूहिक प्रयासों से स्वच्छ, हरित और पर्यावरण-संवेदनशील धमतरी के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *