

धमतरी। खरीफ सीजन में कीटनाशकों की बढ़ती मांग को देखते हुए कृषि विभाग द्वारा जिले के विक्रय केन्द्रों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। जांच के दौरान अनियमितता पाए जाने पर भटगांव के मेसर्स गौरव कृषि केन्द्र और मेसर्स साहू कृषि केन्द्र के कीटनाशक विक्रय लाइसेंस आगामी आदेश तक निलंबित कर दिए गए हैं। वहीं मेसर्स गायत्री कृषि केन्द्र का लाइसेंस निरस्त किया गया है।निरीक्षण में दस्तावेजों का उचित संधारण नहीं करने, मूल्य सूची उपलब्ध नहीं कराने और स्टॉक का निर्धारित तरीके से प्रदर्शन नहीं करने जैसी अनियमितताएं सामने आईं।साथ ही विभाग ने 10 अन्य कीटनाशक विक्रय केन्द्रों का भी निरीक्षण किया। इनमें मेसर्स अंकित ट्रेडर्स, धमतरी में अनियमितता पाए जाने पर कारण बताओ नोटिस जारी कर विक्रय पर प्रतिबंध लगाया गया है,जवाब मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।वहीं कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण कीटनाशक निर्धारित दर पर उपलब्ध कराने के लिए जांच अभियान जारी रहेगा।साथ ही किसानों से भी अपील की है कि वे अधिकृत विक्रय केन्द्र से ही कीटनाशक खरीदें, बिल अवश्य लें और कृषि विशेषज्ञ की सलाह के अनुसार ही दवा का उपयोग करें।

