महिलाओं की छोटी संसद में उठेंगे गांव के बड़े सवाल

9 सितंबर से 13 अक्टूबर तक संकुल स्तर पर होंगी जेंडर सभाएं, 20 मुद्दों पर बहस और प्रतियोगिताएं

धमतरी। ग्रामीण महिलाओं को अपने अधिकारों, समस्याओं और सामाजिक मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखने का मंच देने के लिए जिले के सभी संकुल स्तरीय संगठनों में ‘जेंडर सभा’ यानी महिलाओं की छोटी संसद का आयोजन किया जाएगा।ये सभाएं 9 सितंबर से 13 अक्टूबर तक आयोजित होंगी।जेंडर सभाओं में महिलाओं को केवल श्रोता नहीं, बल्कि बहस, संवाद और निर्णय की सहभागी बनाया जाएगा। निर्धारित 20 विषयों में से कम से कम पांच विषयों पर वाद-विवाद और विभिन्न प्रतियोगिताएं होंगी। इनमें घरेलू हिंसा, नशामुक्ति, ग्रामसभा में महिलाओं की भागीदारी और लैंगिक भेदभाव जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे शामिल हैं। सांप-सीढ़ी और नुक्कड़ नाटक जैसी रचनात्मक गतिविधियों के जरिए भी सामाजिक विषयों पर जागरूकता बढ़ाई जाएगी।इस पहल का उद्देश्य महिलाओं में नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने का आत्मविश्वास और अपने अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। महिलाएं गांव और परिवार से जुड़े मुद्दों पर सवाल उठाने के साथ समाधान के लिए सामूहिक रूप से आगे आएंगी।संकुल स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों को सम्मानित किया जाएगा। इसके बाद ब्लॉक स्तर पर चयनित श्रेष्ठ संकुल जिला स्तरीय फाइनल में हिस्सा लेंगे।यह आयोजन राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, जिला पंचायत धमतरी और यूनिसेफ के सहयोग से किया जा रहा है। पहल का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को योजनाओं का लाभ लेने वाली हितग्राही से आगे बढ़ाकर गांव के विकास और निर्णय प्रक्रिया में प्रभावी नेतृत्वकर्ता बनाना है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *