
रायपुर। प्रदेश के सहकारी बैंकों और प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों में रोजगार के नए अवसर खुलने जा रहे हैं। सहकारिता विभाग ने प्रदेश के पांच जिला सहकारी केंद्रीय बैंक क्षेत्रों और उनसे संबद्ध समितियों में कुल 1,360 पदों पर भर्ती की अनुमति दे दी है। इनमें जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों के विभिन्न संवर्गों के 198 पद और प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों में समिति प्रबंधक के 1,162 पद शामिल हैं।
समिति प्रबंधक के 1,162 पदों में 596 पद सीधी भर्ती तथा 566 पद सीमित चयन के माध्यम से भरे जाएंगे। भर्ती प्रक्रिया निर्धारित कर्मचारी सेवा नियमों, आरक्षण प्रावधानों और वित्तीय मानदंडों के अनुरूप पूरी की जाएगी।
रायपुर में सबसे ज्यादा 508 पद
पांच सहकारी बैंक क्षेत्रों में सबसे अधिक 508 पद रायपुर क्षेत्र में भरे जाएंगे। इसके बाद बिलासपुर क्षेत्र में 444, बस्तर-जगदलपुर में 187, दुर्ग-राजनांदगांव में 154 और रायगढ़ क्षेत्र में 67 पदों पर भर्ती होगी।
बैंक संवर्ग में उप प्रबंधक, प्रोग्रामर, सहायक प्रबंधक, फील्ड ऑफिसर, सहायक प्रोग्रामर और सामान्य सहायक सहित विभिन्न पद शामिल हैं। इन नियुक्तियों से सहकारी बैंकों के प्रशासनिक, तकनीकी और मैदानी कामकाज को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
मंत्री के निर्देश के बाद प्रक्रिया में आई तेजी
सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने 21 अगस्त को हुई विभागीय समीक्षा बैठक में सहकारी बैंकों और समितियों में रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया जल्द आगे बढ़ाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद विभाग ने बैंकों से प्राप्त प्रस्तावों का परीक्षण किया और कर्मचारी सेवा नियमों, आरक्षण प्रावधानों तथा वित्तीय मानदंडों के आधार पर भर्ती की अनुमति जारी की।
मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि भर्ती से प्रदेश के युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलने के साथ सहकारी बैंकों और समितियों की कार्यक्षमता बढ़ेगी। कर्मचारियों की नियुक्ति से किसानों और खाताधारकों को बैंकिंग सेवाएं अधिक सुगमता और समयबद्धता से उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
समितियों के कामकाज को भी मिलेगी गति
प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियां ग्रामीण अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इनके माध्यम से किसानों को ऋण, खाद-बीज और विभिन्न सहकारी योजनाओं का लाभ मिलता है। समिति प्रबंधकों की नियुक्ति से समितियों के दैनिक कामकाज, अभिलेख संधारण, वित्तीय प्रबंधन और योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आने की उम्मीद है।
इसके साथ ही पैक्स समितियों के कम्प्यूटरीकरण और डिजिटल सेवाओं के विस्तार में भी नए कर्मचारियों की भूमिका महत्वपूर्ण होगी।
नियमों के तहत होगी चयन प्रक्रिया
भर्ती प्रक्रिया संबंधित जिला सहकारी केंद्रीय बैंक कर्मचारी सेवा नियम-2023, आरक्षण नियमों, स्वीकृत पदों की संख्या और निर्धारित वित्तीय मानदंडों के अनुसार संचालित की जाएगी। भर्ती एवं चयन समिति में संबंधित संभागीय संयुक्त पंजीयक को अनिवार्य सदस्य के रूप में शामिल किया जाएगा।
चयन प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि, यह भर्ती प्रक्रिया सर्वोच्च न्यायालय में विचाराधीन विशेष अनुमति याचिका के अंतिम आदेश के अधीन रहेगी।
सरकार का मानना है कि इन नियुक्तियों से सहकारी बैंकों और प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों की कार्यप्रणाली मजबूत होगी तथा किसानों और खाताधारकों को बैंकिंग एवं सहकारी सेवाएं बेहतर तरीके से उपलब्ध हो सकेंगी।
