माओवादी गतिविधियों और एनडीपीएस मामलों पर बनी रणनीति

धमतरी/बोरई। अंतर्राज्यीय सीमावर्ती क्षेत्रों में माओवादी गतिविधियों, एनडीपीएस मामलों तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस विभाग ने समन्वय और सूचना तंत्र को मजबूत करने की दिशा में पहल की है। पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देश पर 31 अगस्त 2026 को थाना बोरई में सीमावर्ती राज्यों के पुलिस अधिकारियों की महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सीमावर्ती क्षेत्रों में माओवादी गतिविधियों, संदिग्ध व्यक्तियों की आवाजाही, मादक पदार्थों से जुड़े मामलों तथा अन्य अपराधों की रोकथाम को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़ी महत्वपूर्ण सूचनाएं साझा कीं और अंतर्राज्यीय स्तर पर बेहतर तालमेल के साथ कार्रवाई करने पर जोर दिया।
माओवादी गतिविधियों पर हुई चर्चा
बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि सीमावर्ती क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध गतिविधि, माओवादी गतिविधि या आपराधिक घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित राज्यों की पुलिस के बीच तत्काल सूचना का आदान-प्रदान किया जाए। आवश्यकता पड़ने पर संयुक्त रूप से कार्रवाई कर अपराधियों और संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने की रणनीति पर भी चर्चा की गई।
अधिकारियों ने सीमावर्ती इलाकों में सतत निगरानी, सूचना तंत्र को मजबूत करने तथा आपसी समन्वय के माध्यम से अपराधों की रोकथाम को प्राथमिकता देने की बात कही। बैठक का उद्देश्य सीमा से जुड़े क्षेत्रों में पुलिस के बीच बेहतर तालमेल स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करना रहा। बैठक में एसडीओपी नगरी श्री विपिन रंगारी, थाना प्रभारी बोरई निरीक्षक मधुनाथ ध्रुव, उमरकोट से श्री सुरेंद्र कुमार सबर, नवरंगपुर नक्सल ऑप्स के निरीक्षक श्री बिपिन कुमार साहू, थाना प्रभारी रायघर निरीक्षक श्री टेकचंद खटवा, थाना प्रभारी कुंदई श्री प्रदीप कुमार सबर तथा सीतानदी सीएएफ कैंप प्रभारी कंपनी कमांडर श्री दिलीप कुमार मंडावी सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। पुलिस अधिकारियों के बीच हुए इस समन्वय को अंतर्राज्यीय सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और अपराधों की रोकथाम के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
