
पेंशन के साथ दिव्यांगजनों, विद्यार्थियों और तृतीय लिंग समुदाय को भी मिल रहा योजनाओं का लाभ
धमतरी। समाज कल्याण विभाग द्वारा जिले के जरूरतमंद, निराश्रित, वरिष्ठ नागरिक, विधवा, दिव्यांगजन सहित विभिन्न वंचित एवं कमजोर वर्गों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से अनेक योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। इन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से जिले के 72 हजार 582 हितग्राही नियमित पेंशन एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ प्राप्त कर रहे हैं।योजनाओं के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को आर्थिक संबल प्रदान करने के साथ ही उन्हें सम्मानजनक और आत्मनिर्भर जीवन जीने के लिए सहयोग दिया जा रहा है।विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के अंतर्गत जिले में 8 हजार 870 हितग्राही, सुखद सहारा योजना में 7 हजार 147 तथा मुख्यमंत्री पेंशन योजना में 35 हजार 388 हितग्राही लाभान्वित हो रहे हैं। इसी प्रकार इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत 13 हजार 470, राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना में 6 हजार 605 तथा राष्ट्रीय दिव्यांग पेंशन योजना के अंतर्गत 1 हजार 159 हितग्राहियों को पेंशन का लाभ मिल रहा है,इन पेंशन योजनाओं से पात्र हितग्राहियों को नियमित आर्थिक सहायता प्राप्त होने से दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति में सहारा मिल रहा है।वहीं जिले में दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप सहायता उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित हैं। सहायक उपकरण एवं कृत्रिम अंग उपलब्ध कराने की दिशा में वर्ष 2026-27 में अब तक 154 उपकरण वितरित किए जा चुके हैं। वहीं, कृत्रिम अंग उपकरण प्रदाय योजना के तहत 146 दिव्यांगजनों को आवश्यक उपकरण प्रदान किए गए हैं तथा दिव्यांग विद्यार्थियों को शिक्षा जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से दिव्यांगजन छात्रवृत्ति योजना के माध्यम से 622 विद्यार्थी लाभान्वित हुए हैं। दिव्यांगजनों के विवाह को प्रोत्साहित करने के लिए संचालित योजना के तहत 5 हितग्राहियों को कुल 2.50 लाख रुपये की सहायता प्रदान की गई है।साथ ही दिव्यांगजन सिविल सेवा प्रोत्साहन योजना के तहत 1 तथा उच्च शिक्षा प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत 6 हितग्राहियों को लाभ मिला है,तथा यूडीआईडी परियोजना के तहत जिले में अब तक 10 हजार 232 दिव्यांगजनों को दिव्यांगजन कार्ड जारी किए जा चुके हैं।इसके द्वारा दिव्यांगजनों को शिक्षा, कौशल, रोजगार और सामाजिक सहभागिता के अवसरों से जोड़ने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।साथ ही अचानक परिवार के कमाऊ सदस्य की मृत्यु से उत्पन्न आर्थिक संकट की स्थिति में परिवार को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना संचालित है। इसके तहत जिले में 103 हितग्राहियों को 20 हजार रुपये प्रति हितग्राही के मान से कुल 20.60 लाख रुपये की सहायता प्रदान की गई है।समाज के प्रत्येक वर्ग को समान अवसर और सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराने की दिशा में विभाग द्वारा तृतीय लिंग समुदाय को भी शासकीय योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। जिले में अब तक 43 व्यक्तियों को तृतीय लिंग पहचान पत्र प्रदान किए गए हैं।


