

किसानों को वैज्ञानिक खेती एवं फसल बीमा पर किया गया जागरूक
धमतरी। एक्सटेंशन रिफॉर्म्स आत्मा योजना के तहत कृषि सुधार एवं विस्तार कार्यक्रम के तहत जिले के कृषक मित्रों का जिला स्तरीय प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य संभावित अल्प एवं अनियमित वर्षा की स्थिति में किसानों को समय रहते आवश्यक कृषि तकनीकों की जानकारी उपलब्ध कराना तथा जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के अनुरूप वैज्ञानिक एवं टिकाऊ खेती को बढ़ावा देना रहा।इस दौरान विशेषज्ञों ने सुपर अल नीनो (Super El Niño) के संभावित प्रभावों के कारण उत्पन्न अल्प एवं अनियमित वर्षा की परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली कृषि रणनीतियों पर विस्तार से जानकारी दी, बताया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में किसानों को समय पर जागरूक करें, ताकि विपरीत मौसम की परिस्थितियों में भी फसलों का बेहतर प्रबंधन किया जा सके। साथ ही कम अवधि वाली धान, दलहनी एवं तिलहनी फसलों के चयन, वैज्ञानिक तरीके से डायरेक्ट सीडेड राइस (सीधी बुवाई) तकनीक, जल संरक्षण, संतुलित पोषण प्रबंधन तथा खेतों में नमी संरक्षण के उपायों की जानकारी भी दी गई।इस दौरान प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के जिला प्रबंधक दुष्यंत कौशिक ने धान, उड़द, मूंग, कोदो, कुटकी एवं रागी जैसी अधिसूचित फसलों की बीमा प्रक्रिया, पात्रता, अंतिम तिथि तथा योजना के लाभों की जानकारी दी,किसानों से अपील की कि वे अधिक से अधिक किसानों को फसल बीमा से जोड़कर प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले आर्थिक नुकसान से सुरक्षा प्रदान करने में सहयोग करें वहीं विभागीय योजनाओं एवं आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी गांव-गांव तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का आह्वान किया गया, ताकि किसान वैज्ञानिक सलाह के अनुरूप खेती कर उत्पादन एवं आय में वृद्धि कर सकें।


