
कलेक्टर के मार्गदर्शन में वितरण व्यवस्था सुदृढ़, कालाबाजारी रोकने विशेष निगरानी तंत्र सक्रिय
धमतरी। जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग द्वारा किसानों को समय पर खाद एवं बीज उपलब्ध कराने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। किसानों की सुविधा और कृषि कार्यों की निर्बाध प्रगति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सहकारी समितियों, निजी विक्रेताओं तथा भंडारण केंद्रों में पर्याप्त मात्रा में उर्वरक एवं बीज उपलब्ध कराए गए हैं,कृषि विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले की 96 सहकारी समितियों में अब तक 8185.70 क्विंटल प्रमाणित बीज का भंडारण किया जा चुका है, जिसमें से लगभग 40 प्रतिशत बीज का वितरण किसानों को किया जा चुका है। इसी प्रकार सहकारी एवं निजी क्षेत्र में 26,625 मीट्रिक टन उर्वरक किसानों के लिए उपलब्ध है,वहीं जिले में यूरिया, डीएपी सहित अन्य आवश्यक उर्वरकों का पर्याप्त भंडारण किया गया है तथा किसानों की मांग के अनुरूप निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है एवं उर्वरकों की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने के लिए जिला स्तर पर विशेष जांच दल (उड़नदस्ता) तथा नियंत्रण कक्ष सक्रिय किए गए हैं,जिससे कालाबाजारी, जमाखोरी, अधिक मूल्य वसूली तथा नकली खाद-बीज के विक्रय पर कड़ी नजर रखी जा रही है। अनियमितता पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों एवं संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जा रही है।वहीं वैश्विक परिस्थितियों एवं संभावित आपूर्ति चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए उर्वरकों की वैकल्पिक व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। किसानों को नैनो यूरिया एवं नैनो डीएपी के उपयोग के संबंध में भी जागरूक किया जा रहा है,ताकि आधुनिक उर्वरक फसल पोषण की दृष्टि से प्रभावी होने के साथ-साथ उर्वरक उपयोग दक्षता बढ़ाने में भी सहायक हैं।


