
सुशासन तिहार में मेधावी छात्रा का सम्मान, टैबलेट देकर बढ़ाया उत्साह
धमतरी। जिले के छोटे से ग्राम कंडेल की बेटी कुमारी कुसुम लता ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा से पूरे प्रदेश को गौरवान्वित किया है।सीमित संसाधनों के बीच कठिन परिश्रम और आत्मविश्वास के बल पर उन्होंने माध्यमिक शिक्षा मंडल की परीक्षा में 97.40 प्रतिशत अंक अर्जित कर प्रदेश की प्रावीण्य सूची में पांचवां स्थान प्राप्त किया। सुशासन तिहार के अंतर्गत धमतरी में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कुसुम लता कि उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं तथा शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया तथा आगे की पढ़ाई और तकनीकी शिक्षा में सहयोग के उद्देश्य से टैबलेट प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की बेटियां आज शिक्षा, खेल, विज्ञान और प्रशासन सहित हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं तथा राज्य सरकार उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।कुसुम लता की सफलता केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि यह ग्रामीण शिक्षा व्यवस्था, परिवार के संस्कार और विद्यार्थियों की मेहनत का सकारात्मक परिणाम है। कुसुम लता ने यह सिद्ध कर दिया कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मन में आगे बढ़ने का संकल्प हो, तो परिस्थितियां सफलता के मार्ग में बाधा नहीं बन सकतीं,उनकी सफलता से जिले के अन्य विद्यार्थियों में भी शिक्षा के प्रति नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार हुआ है।कहा कि मेधावी छात्र-छात्राएं राज्य की अमूल्य पूंजी हैं और शासन उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, डिजिटल संसाधन तथा बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।


