मुख्यमंत्री ने फिर खोला विकास का खजाना

महापौर की मांग पर रुद्री तक फोरलेन सड़क, इंटेकवेल और गौरव पथ निर्माण पर मुख्यमंत्री की मिली सहमति
धमतरी। विकास को नई रफ्तार देने मुख्यमंत्री ने एक बार फिर बड़ी सौगात देने के संकेत दिए हैं।पिछले वर्ष सुशासन तिहार में मुख्यमंत्री द्वारा धमतरी को करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी गई थी, जिनका भूमिपूजन भी हो चुका है। इस बार भी मुख्यमंत्री के सामने महापौर रामू रोहरा ने शहर की दीर्घकालिक जरूरतों और भविष्य को ध्यान में रखते हुए तीन महत्वपूर्ण मांगें रखीं, जिन पर मुख्यमंत्री ने सकारात्मक सहमति जताते हुए लगभग 60 करोड़ रूपये की विकास योजनाओं को हरी झंडी दे दीं हैं।माना जा रहा है कि जल्द ही प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी कर कार्य प्रारंभ कराया जाएगा।
महापौर ने कहा कि गंगरेल बांध क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं,इसी को ध्यान में रखते हुए अंबेडकर चौक से रुद्री तक 30 करोड़ रुपये की लागत से फोरलेन सड़क निर्माण की मांग रखी गई है। यह सड़क बनने से न केवल यातायात व्यवस्था बेहतर होगी बल्कि गंगरेल क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।साथ ही शहर में भविष्य की पेयजल आवश्यकताओं को देखते हुए रूद्री बैराज से वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट तक 15 करोड़ रुपये की लागत से इंटेकवेल निर्माण की मांग रखी गई।तीसरी प्रमुख मांग गोकुलपुर लक्ष्मी निवास चौक से बिलाई माता मंदिर होते हुए नहर चौक तक 15 करोड़ रुपये की लागत से गौरव पथ निर्माण की रही। इस सड़क के बनने से शहर की यातायात व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और क्षेत्र का सौंदर्यीकरण भी होगा,जिस पर मुख्यमंत्री ने इन तीनों मांगों को जनता के हित से जुड़ा बताते हुए मंच से अपनी सहमति दे दी,जिसके बाद कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों ने तालियों से स्वागत किया।वहीं महापौर ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर शहरवासियों से अंबेडकर चौक से रुद्री तक फोरलेन सड़क निर्माण का भरोसा दिलाया था, जिस पर अब मुख्यमंत्री ने भी मुहर लगा दी है,कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में धमतरी लगातार विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है, यही कारण है कि धमतरी में सड़क, पानी, पर्यटन और आधारभूत संरचनाओं को मजबूत करने लगातार काम किया जा रहा है। आने वाले समय में ये परियोजनाएं धमतरी की तस्वीर बदलने में अहम भूमिका निभाएंगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *