प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण में धमतरी ने रचा कीर्तिमान जिला स्तरीय समग्र रैंकिंग में प्रदेश में प्रथम स्थान

पारदर्शी कार्यप्रणाली, समयबद्ध निर्माण एवं सतत मॉनिटरिंग से मिली सफलता

धमतरी। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के माध्यम से पात्र ग्रामीण परिवारों को सुरक्षित, सम्मानजनक एवं स्थायी आवास उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में प्रभावी एवं परिणाममुखी कार्य किया जा रहा है।जिसके तहत आवास निर्माण की गुणवत्ता, समयबद्ध पूर्णता, जियो टैगिंग, हितग्राही आधारित मॉनिटरिंग, किस्त भुगतान तथा ऑनलाइन प्रविष्टियों के बेहतर निष्पादन के आधार पर जारी समग्र रैंकिंग में धमतरी ने प्रदेश में शीर्ष स्थान अर्जित किया है।
वर्ष 2024-26 के अंतर्गत जिले को कुल 42 हजार 318 आवासों का लक्ष्य प्राप्त हुआ, जिसके विरुद्ध अब तक 41 हजार 303 आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं।इस योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु ग्राम पंचायत स्तर तक नियमित समीक्षा, तकनीकी मार्गदर्शन एवं मैदानी अधिकारियों की सतत निगरानी सुनिश्चित की गई।साथ साथ हितग्राहियों को समय-सीमा में निर्माण कार्य पूर्ण करने के लिए लगातार प्रेरित किया,जिससे निर्माण कार्यों में गति आई।
कलेक्टर ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना केवल निर्माण कार्य नहीं, बल्कि ग्रामीण परिवारों को सुरक्षा, सम्मान और स्थायित्व प्रदान करने का माध्यम है।जिले का प्रयास है कि प्रत्येक पात्र परिवार को गुणवत्तापूर्ण आवास समय पर उपलब्ध हो तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। कलेक्टर ने इस उपलब्धि के लिए जिला पंचायत, सभी जनपद पंचायतों, ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों एवं मैदानी कर्मचारियों को बधाई दी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *