
धमतरी। कलेक्टर ने आयोजित समय-सीमा की बैठक में जिले में संचालित विकास कार्यों, शासकीय योजनाओं और विभागीय गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में केवल लक्ष्य पूर्ति तक सीमित न रहकर प्रभावी, परिणाममूलक और जवाबदेह कार्यप्रणाली अपनाने के निर्देश दिए। कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचना चाहिए।बैठक में स्कूल शिक्षा, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, पशु चिकित्सा, श्रम सहित कुछ विभागों की प्रगति और कार्यप्रणाली पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की तथा अधिकारियों कहा कि बार-बार निर्देश दिए जाने के बावजूद यदि कार्यप्रणाली में अपेक्षित सुधार नहीं आता है, तो इसे गंभीरता से लिया जाएगा एवं अधिकारियों को अपने विभागीय कार्यों, योजनाओं और जिले की प्रगति से संबंधित आंकड़ों की अद्यतन एवं समुचित जानकारी रखने के निर्देश दिए।विशेष रूप से स्कूल शिक्षा विभाग की शैक्षणिक गुणवत्ता, विद्यार्थियों की उपलब्धियों, विद्यालयों की स्थिति तथा शिक्षा संबंधी प्रमुख संकेतकों की जानकारी अधिकारियों से ली। इसी तरह पशु चिकित्सा विभाग से जिले में पशुधन, दुग्ध उत्पादन तथा दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली गई। अपेक्षित जानकारी स्पष्ट रूप से प्रस्तुत नहीं किए जाने पर अधिकारियों को गंभीरता से तैयारी करने और मैदानी स्तर पर योजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कहा कि अधिकारी अपने-अपने विभागों की योजनाओं की जमीनी स्थिति का नियमित निरीक्षण करें और समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान सुनिश्चित करें।वहीं जिले में संचालित विकास एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश दिए।

