

‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के 100वें संस्करण पर आयोजन, महापौर रामू रोहरा ने दिखाई हरी झंडी
धमतरी। नशामुक्त समाज के निर्माण और युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार को मेरा युवा भारत (माय भारत) धमतरी द्वारा साइकिल रैली आयोजित की गई।
नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत अभियान का 100वां संस्करण आयोजित,रैली रुद्री से गंगरेल तक निकाली गई
‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के 100वें संस्करण के तहत आयोजित रैली को महापौर रामू रोहरा ने रुद्री चौक से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली रुद्री से गंगरेल तक निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने हिस्सा लिया।इस अवसर पर महापौर ने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल और रचनात्मक गतिविधियों में लगानी चाहिए। स्वस्थ एवं अनुशासित युवा ही विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
जुम्बा और फिटनेस गतिविधियों के जरिए स्वस्थ जीवनशैली के प्रति किया जागरूक
कार्यक्रम में अपर्णा शर्मा ने जुम्बा गतिविधि के माध्यम से फिटनेस और नियमित व्यायाम का संदेश दिया।प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया। जिला युवा अधिकारी श्रुति डोंगरे ने अतिथियों का स्वागत पौधे भेंटकर किया। कार्यक्रम का संचालन सुरेश कुमार साहू ने किया।
युवाओं ने नशे से दूर रहने और समाज को जागरूक करने का लिया संकल्प
इस अवसर पर शिक्षा, खेल एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी, राष्ट्रीय सेवा योजना के प्रतिनिधि, माय भारत के युवा स्वयंसेवक और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। रैली के माध्यम से युवाओं ने स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।

