
ग्राम भुसरेंगा स्थित भंशाली राइस मिल का संयुक्त टीम ने किया निरीक्षण, अभिलेखों और वास्तविक स्टॉक में मिला अंतर
धमतरी। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान के अवैध भंडारण और अनियमितताओं पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा राइस मिलों एवं धान भंडारण स्थलों की लगातार जांच की जा रही है। इसी क्रम में कुरुद तहसील के ग्राम भुसरेंगा स्थित भंशाली राइस मिल का संयुक्त टीम ने भौतिक सत्यापन किया।जांच के दौरान अभिलेखों में दर्ज मात्रा से 885 कट्टा धान अधिक पाया गया।
नायब तहसीलदार, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
नायब तहसीलदार कुरुद, खाद्य निरीक्षक एवं मंडी निरीक्षक की संयुक्त टीम ने मिल परिसर में उपलब्ध धान के स्टॉक का भौतिक सत्यापन कर संबंधित दस्तावेजों से मिलान किया। इस दौरान वास्तविक स्टॉक और अभिलेखों में दर्ज मात्रा के बीच अंतर पाए जाने पर मंडी अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई।
पंचनामा तैयार कर जब्त धान मिल संचालक की सुपुर्दगी में दिया गया
टीम ने पंचनामा तैयार कर जब्ती की प्रक्रिया पूरी की तथा जब्त धान को नियमानुसार मिल संचालक की सुपुर्दगी में दिया गया।
धान के अवैध भंडारण और स्टॉक में गड़बड़ी पर प्रशासन की लगातार निगरानी
जिला प्रशासन द्वारा धान के अवैध भंडारण, अनियमित क्रय-विक्रय और स्टॉक में गड़बड़ी पर नियंत्रण के लिए राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीमें लगातार निरीक्षण कर रही हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

