ग्राम चर्रा में 13 क्विंटल अवैध धान जब्त, मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई

फुटकर व्यापारी ओमप्रकाश महावर के यहां मिला अवैध रूप से भंडारित धान, राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने की जांच

समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने प्रशासन की सख्ती, अवैध भंडारण और कारोबार पर लगातार रखी जा रही नजर

धमतरी। जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने तथा अवैध भंडारण और कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी एवं कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने कुरूद तहसील के ग्राम चर्रा में कार्रवाई करते हुए फुटकर व्यापारी ओमप्रकाश महावर के यहां से 13 क्विंटल अवैध रूप से भंडारित धान पाए जाने पर मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की।

राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने की जांच

संयुक्त जांच दल ने मौके पर पहुंचकर धान के भंडारण एवं संबंधित दस्तावेजों की जांच की। इस दौरान निर्धारित नियमों के विपरीत धान का भंडारण पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की गई।

अवैध भंडारण और नियम विरुद्ध कारोबार करने वालों पर प्रशासन सख्त

कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न क्षेत्रों में राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीमें लगातार निरीक्षण कर रही हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता, अवैध भंडारण अथवा नियम विरुद्ध कारोबार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।साथ ही व्यापारियों एवं संबंधित लोगों से धान के भंडारण, क्रय-विक्रय और परिवहन में निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की गई है।वहीं प्रशासन ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *