टांगापानी में नया धान खरीदी केंद्र शुरू, 850 किसानों को मिलेगी राहत

आसपास के 8-9 गांवों के किसान अब नजदीक में बेच सकेंगे धान, समय और परिवहन खर्च की होगी बचत

धमतरी। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत जनजातीय गौरव दिवस पर जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू हुई। इस अवसर पर टांगापानी में नए धान उपार्जन केंद्र का शुभारंभ होने से क्षेत्र के किसानों को बड़ी राहत मिली है। अब आसपास के 8-9 गांवों के करीब 850 किसान अपने गांव के नजदीक ही धान बेच सकेंगे।

अब सेमरा (सिहावा) जाने की परेशानी से मिलेगी मुक्ति

नया केंद्र शुरू होने से पहले टांगापानी क्षेत्र के किसानों को धान बेचने के लिए सेमरा (सिहावा) जाना पड़ता था। अधिक दूरी के कारण उन्हें परिवहन खर्च, समय और अतिरिक्त मेहनत उठानी पड़ती थी। अब स्थानीय स्तर पर खरीदी की सुविधा मिलने से किसानों को इन परेशानियों से राहत मिलेगी। साथ ही पुराने केंद्र पर किसानों का दबाव और भीड़ भी कम होगी।

पहले दिन दो किसानों ने बेचा 58 क्विंटल धान

नए उपार्जन केंद्र में पहले दिन दो किसानों ने ऑनलाइन टोकन के माध्यम से कुल 58 क्विंटल धान बेचा। ग्राम खड़पथरा के किसान मोतीराम ध्रुव ने 40 क्विंटल और धर्मेंद्र कुमार निषाद ने 18 क्विंटल धान का विक्रय किया। किसानों ने नए केंद्र की शुरुआत पर खुशी जताते हुए कहा कि अब उन्हें धान बेचने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।धान खरीदी केंद्र का शुभारंभ समिति अध्यक्ष एवं ग्राम ठेमली के सरपंच रामसिंग मरकाम ने किया। इस अवसर पर यशवंत मंडावी, नील कुमार कोडोप्पी, मुकेश कुमार कुंजाम, सोहन लाल साहू, अमर सिंह, धनसाय नागवंशी, पंचम सिंह सलाम, सूरजभान सलाम, शोभाराम नागवंशी, गोविंद मरकाम, अनूप कुमार साहू, राधेश्याम नाग, पुनीत राम साहू, अकबर कश्यप, अर्जुन सिंह देवांगन, विनय देवांगन, कुमार डोटे, बिसन्तीन पालेश्वर, मीना नेताम एवं गणेशिया मरकाम सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, समिति पदाधिकारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

नजदीकी खरीदी केंद्र से समय, श्रम और परिवहन खर्च की होगी बचत

कलेक्टर ने कहा कि किसानों की सुविधा और उनकी उपज का सुगमतापूर्वक विक्रय सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। नए उपार्जन केंद्रों की शुरुआत से किसानों को नजदीक में धान बेचने की सुविधा मिलेगी और उनका समय, श्रम एवं परिवहन खर्च बचेगा। उन्होंने सभी केंद्रों में व्यवस्थित खरीदी और किसानों के लिए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *