15 नवंबर से धमतरी जिले के 108 केंद्रों में शुरू होगी धान खरीदी

8 नए उपार्जन केंद्रों की हुई शुरुआत, इस वर्ष 66 लाख क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य

पहले दिन के लिए 83 केंद्रों में 554 किसानों ने कटाए टोकन, करीब 20 हजार क्विंटल धान खरीदी की तैयारी

धमतरी। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य आगामी 15 नवंबर से शुरू होगा। किसानों की सुविधा और खरीदी प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए इस वर्ष जिले में 8 नए उपार्जन केंद्र शुरू किए गए हैं। इसके साथ ही जिले में धान खरीदी केंद्रों की संख्या बढ़कर 108 हो गई है। जिला प्रशासन ने खरीदी से संबंधित आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

कलेक्टर ने आयोजित समय-सीमा की बैठक में तैयारियों की समीक्षा

कलेक्टर ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा कर अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी उपार्जन केंद्रों में किसानों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहें।खरीदी अवधि के दौरान नियमित निरीक्षण करने और किसानों की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

8 नए केंद्रों से किसानों को मिलेगी सुविधा

पिछले वर्ष जिले में 100 धान उपार्जन केंद्र संचालित थे। इस वर्ष भुसरेंगा, अटंग, सिलघट, सिलौटी, सिंधोरीखुर्द, बुड़ेनी, राजपुर और टांगापानी में 8 नए केंद्र शुरू किए गए हैं। अब जिले के किसान कुल 108 केंद्रों में अपनी उपज का विक्रय कर सकेंगे।इससे किसानों को धान बेचने के लिए अधिक विकल्प मिलेंगे और खरीदी प्रक्रिया को व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी। इस खरीफ विपणन वर्ष में जिले के लिए 66 लाख क्विंटल धान खरीदी का अनुमानित लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

पहले दिन 554 किसानों के टोकन, 20 हजार क्विंटल खरीदी प्रस्तावित

15 नवंबर को धान खरीदी के प्रथम दिवस के लिए जिले के 83 उपार्जन केंद्रों में अब तक 554 किसानों ने टोकन कटाए हैं। इन किसानों से लगभग 20 हजार क्विंटल धान खरीदी प्रस्तावित है। टोकन व्यवस्था के माध्यम से किसानों को निर्धारित तिथि और समय पर उपज बेचने की सुविधा मिलेगी। इससे केंद्रों में अनावश्यक भीड़ और लंबी प्रतीक्षा की स्थिति से बचा जा सकेगा।

अवैध परिवहन पर नजर रखने 6 चेक पोस्ट स्थापित

धान के अवैध परिवहन और भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिले में बोरई, बनरौद, सांकरा, बांसपानी, जैतपुरी और मोहेरा में कुल 6 चेक पोस्ट स्थापित किए गए हैं। इन चेक पोस्टों पर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि धान के अवैध परिवहन एवं भंडारण पर निगरानी रखी जा सके।

उपार्जन केंद्रों में की गई आवश्यक व्यवस्थाएं

सभी उपार्जन केंद्रों में पर्याप्त बारदाना, नापतौल उपकरण, मानव संसाधन, कंप्यूटर एवं आईटी सुविधाओं के साथ धान के सुरक्षित भंडारण और परिवहन की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है तथा प्रत्येक केंद्र के लिए नोडल अधिकारी और संबंधित विभागीय अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है। ये अधिकारी नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे।

निर्धारित तिथि और समय पर केंद्र पहुंचें किसान

जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे अपने टोकन में निर्धारित तिथि एवं समय के अनुसार ही उपार्जन केंद्र पहुंचें। धान को निर्धारित गुणवत्ता एवं मानकों के अनुरूप तैयार कर केंद्र में लाएं और खरीदी प्रक्रिया में सहयोग करें। प्रशासन द्वारा पूरी खरीदी अवधि में व्यवस्थाओं की सतत निगरानी की जाएगी, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी तरह की परेशानी न हो और उन्हें उपज का उचित मूल्य मिल सके।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *