
लॉन्ड्री कक्ष, आंतरिक सीसी सड़क, पार्किंग शेड और उद्यान विकास सहित कई प्रस्ताव स्वीकृत
धमतरी। जिला चिकित्सालय धमतरी के उन्नयन और मरीज सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए जीवनदीप समिति की सामान्य सभा की बैठक में कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों को मंजूरी दी गई। प्रभारी मंत्री टंक राम वर्मा की उपस्थिति में हुई बैठक में अस्पताल की अधोसंरचना, स्वच्छता, आवागमन और पार्किंग से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा हुई।
450 बिस्तरों तक बढ़ेगी अस्पताल की क्षमता
अस्पताल की वर्तमान 250 बिस्तरों की क्षमता को बढ़ाकर 450 बिस्तर करने के लिए 200 अतिरिक्त बिस्तरों के भवन निर्माण की प्रक्रिया प्रस्तावित है। इसके साथ गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों के लिए 50 बिस्तरों की पृथक इकाई, नवजातों के लिए एचसीयू और 40 बिस्तरों की आई यूनिट विकसित करने की योजना है।
लॉन्ड्री कक्ष से बेहतर होगी स्वच्छता व्यवस्था
बैठक में अस्पताल परिसर में लॉन्ड्री कक्ष, आंतरिक सीसी सड़क, पार्किंग शेड विस्तार और उद्यान विकास को स्वीकृति दी गई। इन कार्यों से स्वच्छता, आवागमन और मरीजों एवं परिजनों की सुविधाओं में सुधार होगा।
अटल आरोग्य लैब में 133 से अधिक जांच की सुविधा
जिला अस्पताल की अटल आरोग्य लैब में वर्तमान में 94 प्रकार की जांच निःशुल्क उपलब्ध हैं, जबकि आगामी चरणों में 133 से अधिक जांच सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। ट्रामा यूनिट एवं ऑपरेशन थिएटर का संचालन शुरू हो चुका है तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का विस्तार भी जारी है।बैठक में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा, एसपी भावना पांडेय, सीईओ जिला पंचायत जयंत नाहटा, सीएमएचओ डॉ. अरुण टोडर, सिविल सर्जन डॉ. आदित्य सिंह सहित समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

