सिटी कोतवाली के वार्षिक निरीक्षण में लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश

अवैध शराब, जुआ-सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों पर सख्ती के निर्देश; जनशिकायतों के संवेदनशीलता से त्वरित निराकरण पर जोर

धमतरी। एसपी भावना पांडेय ने थाना सिटी कोतवाली का वार्षिक निरीक्षण कर थाना कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी, आधुनिक एवं जनोन्मुखी बनाने के साथ लंबित प्रकरणों के प्राथमिकता से निराकरण के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान थाना परिसर, मालखाना, कंप्यूटर कक्ष, पुरुष एवं महिला हवालात, जब्त माल तथा विभिन्न अभिलेखों का जायजा लिया गया एवं थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जगत से लंबित अपराध, शिकायत, मर्ग एवं अन्य प्रकरणों की जानकारी लेते हुए विवेचकों को गंभीर मामलों की विवेचना निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने और लंबित प्रकरणों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने कहा गया।

एसपी ने अवैध शराब, जुआ-सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने तथा अपराध नियंत्रण के लिए लगातार सतर्क एवं मुस्तैद रहने के निर्देश दिए। महिला एवं बालक-बालिकाओं से संबंधित मामलों, हत्या एवं अन्य गंभीर अपराधों में शीघ्र कार्रवाई तथा न्यायालयीन मामलों के त्वरित निष्पादन पर भी जोर दिया।वहीं थाना परिसर की स्वच्छता एवं सुव्यवस्था बनाए रखने, पौधरोपण करने तथा रोजनामचा, केस डायरी, एफआईआर, अपराध रजिस्टर, एमएलसी रजिस्टर और निरीक्षण पुस्तिका सहित सभी अभिलेखों को नियमित रूप से अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए।

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को किया प्रोत्साहित

पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की वेशभूषा और परेड का निरीक्षण कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को प्रोत्साहित किया गया। साथ ही स्वास्थ्य एवं फिटनेस पर ध्यान देने तथा शासकीय हथियारों के संचालन का नियमित अभ्यास कराने के निर्देश दिए गए एवं प्रत्येक माह दो दिवस हथियार अभ्यास आयोजित करने कहा गया।निरीक्षण के अंत में एसपी ने थाना स्टाफ की फॉलिंग कराई और उनकी विभागीय एवं व्यक्तिगत समस्याओं की जानकारी ली तथा पुलिसकर्मियों को अनुशासन, सतर्कता, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।इस अवसर पर थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जगत सहित सिटी कोतवाली के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *