
अजय जामवाल की उपस्थिति में रंजना साहू ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को किया नमन
धमतरी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश कार्यालय में श्रद्धा एवं सम्मान के साथ जयंती समारोह आयोजित किया गया।भाजपा क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल की उपस्थिति में धमतरी की पूर्व विधायक रंजना डीपेन्द्र साहू ने दोनों महापुरुषों के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस अवसर पर भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
गांधीजी के विचार आज भी समाज और राष्ट्र के लिए प्रेरणादायी
रंजना साहू ने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रसेवा के मूल्यों को समर्पित रहा। उन्होंने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए देशवासियों को स्वतंत्रता आंदोलन के लिए एकजुट किया। गांधीजी के विचार आज भी समाज और राष्ट्र के लिए प्रेरणादायी हैं।वहीं लाल बहादुर शास्त्री को नमन करते हुए कहा कि शास्त्रीजी सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रभक्ति के आदर्श प्रतीक हैं। उनका ‘जय जवान, जय किसान’ का उद्घोष देश के जवानों और किसानों के योगदान के महत्व को रेखांकित करता है।कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी ने इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए ‘जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान’ का संदेश दिया।
उनके जीवन-मूल्यों को अपनाना ही सच्ची श्रद्धांजलि है।
रंजना साहू ने कहा कि गांधीजी और शास्त्रीजी के जीवन-मूल्यों को अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।आज आवश्यकता है कि हम सत्य, स्वच्छता, अनुशासन, आत्मनिर्भरता, सेवा और राष्ट्रहित के संकल्प को अपने जीवन में उतारें और समाज व राष्ट्र के विकास में सकारात्मक भूमिका निभाएं।कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने दोनों महापुरुषों के आदर्शों का स्मरण करते हुए राष्ट्र निर्माण के प्रति अपने संकल्प को दोहराया।

